Hazaribagh News: उपायुक्त हेमंत सती ने बुधवार को डीएमएफटी के अंतर्गत संचालित एवं क्रियान्वित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. बैठक में ग्रामीण विकास विभाग, लघु सिंचाई, भवन प्रमंडल, जलपथ विभाग सहित अन्य तकनीकी विभागों द्वारा क्रियान्वित परियोजनाओं के साथ-साथ एनआरईपी, जिला परिषद एवं पुरानी योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई. उपायुक्त ने डीएमएफटी के वार्षिक प्लान की ऑडिट से संबंधित जानकारी भी ली.
उपायुक्त ने कहा कि अब से डीएमएफटी के तहत संचालित कार्यों की जेईवार समीक्षा की जाएगी. समीक्षा के क्रम में कुछ कार्यस्थलों पर योजनाओं की प्रगति के लिए मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की आवश्यकता की जानकारी दी गई. इस पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें:
उपायुक्त ने डीएमएफटी के तहत आधारभूत संरचनाओं एवं विभिन्न परियोजनाओं के निर्माण में बुनियादी आवश्यकताओं एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया. उन्होंने गुणवत्तापूर्ण बालू, बजरी, सीमेंट सहित अन्य निर्माण सामग्रियों के उपयोग तथा संरचनाओं को वॉटरप्रूफ रखने पर विशेष ध्यान देने की बात कही, ताकि निर्माण कार्य मजबूत, गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ हो सके.
बैठक में जिला परिषद की योजनाओं एवं पुरानी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई. पेयजल आपूर्ति की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने बड़कागांव में गुणवत्तापूर्ण बोरवेल कराते हुए हाउस-टू-हाउस कनेक्शन उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित जूनियर अभियंता को दिया. वहीं, उप विकास आयुक्त को मनरेगा के तहत शॉकपिट उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को डीएमएफटी एवं अन्य योजनाओं के तहत लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में उपायुक्त हेमन्त सती के अलावे उप विकास आयुक्त रिया सिंह, जिला योजना पदाधिकारी पंकज तिवारी, संबंधित कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं जूनियर अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

