Hazaribagh: हजारीबाग के उपायुक्त हेमन्त सती ने सोमवार को कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक कर विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी ली. इस दौरान बिरहोर टांडा में निर्मित आवास, सरना-मसना योजना, कब्रिस्तान घेराबंदी, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, पशुपालन, छात्रावास सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए.
उपायुक्त ने जिला कल्याण पदाधिकारी को कल्याण शाखा के पदाधिकारियों के बीच स्पष्ट कार्य विभाजन करने का निर्देश दिया. उन्होंने सरना-मसना योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 की अपूर्ण योजनाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें:
वहीं, कब्रिस्तान घेराबंदी से संबंधित कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने को कहा. मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने प्राप्त सभी पात्र आवेदनों को स्वीकृत कर नियमानुसार राज्य सरकार को भेजने का निर्देश दिया.
पशुपालन योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों के बीच पशु वितरण का लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को 15 अक्टूबर तक पात्र लाभुकों का चयन सुनिश्चित करने को कहा. लाभुकों के चयन के उपरांत जिला स्तर से आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर उन्हें ससमय योजना का लाभ उपलब्ध कराई जाएगी.
बैठक में जिले के सभी अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति छात्रावासों की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की गई. उपायुक्त ने खिरगांव एवं दीपुगढ़ा छात्रावास के संबंध में आवश्यक विभागीय पत्राचार करने का निर्देश दिया. साथ ही संचालित एवं असंचालित छात्रावासों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का अवलोकन कर आवश्यकताओं का आकलन करने को कहा.
उन्होंने कहा कि छात्रावासों में बेड, कुर्सी, पंखा, बिजली, पेयजल, गेट, गेटकीपर, बोरिंग एवं शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आवश्यकताओं को समय पर पूरा कर छात्रावासों का संचालन हो सके.
बैठक में उपायुक्त हेमन्त सती के अलावे उपविकास आयुक्त रिया सिंह, जिला योजना पदाधिकारी पंकज तिवारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, कल्याण विभाग के पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

