Hazaribagh News: हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने लद्दाख के लेह में आयोजित संसदीय स्थायी समिति (उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण) की अध्ययन यात्रा के कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने ‘बीआईएस मानकों के गुणवत्ता नियंत्रण और प्रवर्तन में सुधार’ विषय पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा में भाग लिया.
इसे भी पढ़ें:
अध्ययन यात्रा के क्रम में लद्दाख में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के निर्धारित मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ. चर्चा में उपभोक्ताओं को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानकों के अनुरूप उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए मौजूदा गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया.
बैठक में बाजार में उपलब्ध उत्पादों की नियमित गुणवत्ता जांच, बीआईएस मानकों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई और उपभोक्ताओं के अधिकारों की बेहतर सुरक्षा जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे. वहीं लद्दाख जैसे दुर्गम और भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में गुणवत्ता मानकों के अनुपालन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों पर भी चर्चा की गई.
सांसद मनीष जायसवाल ने समिति की चर्चा में भाग लेते हुए गुणवत्ता नियंत्रण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने और उपभोक्ता हितों की बेहतर सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को समझने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि गुणवत्ता मानकों का प्रभावी अनुपालन सीधे तौर पर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ा विषय है.
संसदीय स्थायी समिति की यह अध्ययन यात्रा विभिन्न क्षेत्रों में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण से संबंधित व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है.
यात्रा के दौरान सामने आने वाले अनुभवों और सुझावों के आधार पर संबंधित व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के लिए समिति द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलवक्त सांसद मनीष जायसवाल इसी अध्ययन यात्रा में हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

