Hazaribagh News: हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को नई पहचान और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से खेलों का महाकुंभ होने जा रहा है. हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र से सांसद मनीष जायसवाल द्वारा लगातार दूसरी बार ‘सांसद खेल महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है. इस बार सांसद खेल महोत्सव-2026 का दायरा व्यापक किया गया है. जिसमें कई अन्य खेलों के साथ विलुप्त हो रहे पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जा रहा है.
हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सभी 22 प्रखंडों में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में विभिन्न खेल विधाओं को मिलाकर 50 हजार से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. इनमें अकेले फुटबॉल में करीब 25 हजार खिलाड़ी शामिल होंगे. महोत्सव का शुभारंभ आगामी 30 अगस्त 2026 को सदर विधानसभा क्षेत्र के दारू प्रखंड क्षेत्र से होगा.
इसे भी पढ़ें:
इस बार फुटबॉल तक सीमित रहने के बजाय खेलों का दायरा बढ़ाते हुए क्रिकेट, कबड्डी, तैराकी, निशानेबाजी, वॉलीबॉल, तीरंदाजी, मुक्केबाजी, रस्साकशी, पिट्ठू, मैराथन और ताइक्वांडो समेत 12 से अधिक खेल विधाओं को शामिल किया गया है. हजारीबाग, बड़कागांव, बरही मांडू और रामगढ़ सहित पूरे लोकसभा क्षेत्र के गांव-गांव में छिपी खेल प्रतिभाओं को इस आयोजन के माध्यम से अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा.
रविवार को प्रेस-वार्ता कर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को खेल से जोड़कर उन्हें बेहतर भविष्य की ओर ले जाने का व्यापक अभियान है. उन्होंने कहा कि इसकी नींव वर्ष 2016 में ‘नमो फुटबॉल टूर्नामेंट’ के रूप में रखी गई थी.
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सभी सांसदों से अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में खेल महोत्सव आयोजित करने का आह्वान किया है. इसके पीछे उद्देश्य देश की बड़ी युवा आबादी को खेलों से जोड़ना और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर देना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

