Ranchi News : झारखंड में JPSC-JSSC से जुड़े आंदोलन के बीच रांची पुलिस ने सोशल मीडिया हैंडल JPSC JSSC REFORM MANCH की जांच तेज कर दी है. साइबर अपराध थाना, रांची ने X Corp को कानूनी नोटिस भेजकर @JPSCreformanch अकाउंट से जुड़ी अहम जानकारी मांगी है.
पुलिस के अनुसार, इस अकाउंट से झारखंड सरकार और सरकारी व्यवस्था को लेकर कथित तौर पर गलत और भ्रामक पोस्ट, वीडियो और तस्वीरें शेयर की जा रही थीं. पुलिस का कहना है कि कुछ पोस्ट से लोगों के बीच भ्रम और अशांति फैलने की आशंका थी.
यह कार्रवाई कोतवाली थाना, रांची में 21 अगस्त 2026 को दर्ज कांड संख्या 183/2026 के आधार पर की गई है. मामले में BNS की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है.
पुलिस ने नोटिस में अकाउंट से किए गए कुछ पोस्ट का भी जिक्र किया है. इनमें झारखंड के छात्रों को सरकार द्वारा ठगे जाने का दावा और JMM कार्यकर्ताओं द्वारा कथित धमकी से जुड़ा वीडियो शामिल है. पुलिस ने एक वीडियो को छेड़छाड़ किया हुआ बताया है.
इसके अलावा पुलिस ने सरकारी व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई को लेकर किए गए कुछ पोस्ट पर भी आपत्ति जताई है. एक पोस्ट में आदिवासी राज्य में सरकार द्वारा आदिवासियों के साथ गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया गया था. पुलिस ने इन पोस्ट को मामले की जांच से जुड़ा अहम सबूत माना है.
X से मांगी गई ये जानकारी
रांची पुलिस ने X से इस अकाउंट को चलाने वाले व्यक्ति की पहचान से जुड़ी जानकारी मांगी है. इसमें अकाउंट बनाने वाले व्यक्ति का नाम, पता, मोबाइल नंबर और वैकल्पिक ईमेल की जानकारी शामिल है.
पुलिस ने 10 अगस्त 2026 और उससे पहले के अकाउंट लॉग-इन और लॉग-आउट रिकॉर्ड भी मांगे हैं. इनमें इस्तेमाल किए गए IP एड्रेस और संबंधित समय की जानकारी शामिल है.
इसके अलावा अकाउंट चलाने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल, कंप्यूटर या दूसरे डिवाइस की जानकारी भी मांगी गई है. पुलिस ने डिवाइस का मेक, मॉडल और IMEI नंबर उपलब्ध कराने को कहा है.
पुलिस का कहना है कि इन जानकारियों से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि @JPSCreformanch अकाउंट कौन चला रहा था और विवादित पोस्ट किस जगह और किस डिवाइस से किए गए.
नोटिस साइबर अपराध थाना की ओर से X Corp के सेफ्टी-लीगल पॉलिसी विभाग को भेजा गया है. पुलिस अब X से मिलने वाली जानकारी के आधार पर मामले की आगे जांच करेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

