Hazaribagh News: राष्ट्र की एकता, अखंडता और अटूट संकल्प के अमर प्रतीक भारत रत्न लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को हजारीबाग शहर के पटेल चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल सहित विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं जनसंगठनों से जुड़े लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया.
इसे भी पढ़ें:
इस दौरान लोगों ने 'लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल अमर रहें' के गगनभेदी नारे लगाकर उनके राष्ट्रनिर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया. इस मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने अद्भुत नेतृत्व, प्रखर राष्ट्रदृष्टि और अडिग निष्ठा के बल पर भारत की बिखरी हुई रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड राष्ट्र के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई.
उनकी कार्यशक्ति, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता ने भारतीय इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है. उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और सामाजिक समरसता के प्रति समर्पित रहा. उन्होंने किसानों, मजदूरों और आम जनता के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया. बटेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकसूत्र में पिरोने का जो काम किया वह आज भी अनुकरणीय है.
मौके पर झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता, शंकर राणा, अजीम अंसारी, जन जागरण केंद्र के सचिव संजय कुमार, झारखंड आंदोलनकारी चंद्रनाथ भाई पटेल, चंद्रमोहन पटेल, राकेश सिंह, भाजपा नेता जीवन मेहता, मुनेष ठाकुर, प्रो. प्रमोद सिंह, रंजन चौधरी, रोहित कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

