Hazaribagh News: मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, 2026 के तहत जिले में दावे एवं आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया जारी है. हजारीबाग के उपायुक्त हेमन्त सती ने सोमवार को सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बैठक कर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति एवं अपडेट से अवगत कराया.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में उन्होंने बताया कि SIR-2026 के अंतर्गत नो मैपिंग एवं विसंगति वाले मामलों में जारी नोटिस से संबंधित मतदाताओं की ऑनलाइन सुनवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है. संबंधित मतदान केंद्रों के बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर दस्तावेज संकलित करने एवं उन्हें ECINet में अपलोड करने का कार्य किया जा रहा है. संबंधित मतदाताओं को ERO/AERO कार्यालय में सुनवाई के लिए बुलाने की आवश्यकता नहीं है.
कार्मिक विभाग के आदेशानुसार सभी अंचल अधिकारियों को ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र नियमानुसार निर्गत करने हेतु निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि सभी ERO/AERO अपने बी.एल.ओ. को घर-घर जाकर दस्तावेज संकलित करने का निर्देश देना सुनिश्चित करेंगे.
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की गई कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से मतदाताओं के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं, ताकि जिन मतदाताओं को मैपिंग एवं विसंगति के मामलों में ERO/AERO स्तर से नोटिस जारी किया गया है, वे अपने निर्धारित दस्तावेज की प्रति संबंधित बीएलओ के पास जमा कर सकें.
विधानसभा क्षेत्रवार दस्तावेज अपलोड की स्थिति
जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में कुल 3,76,795 नोटिस जारी किए गए हैं. इनमें से 2,97,021 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं तथा 1,16,147 मामलों में ERO/AERO स्तर से संबंधित दस्तावेज अपलोड किए गए हैं. शेष 2,60,648 मामले हैं.
मतदाताओं की सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1950
मतदाताओं की सहायता के लिए जिला स्तर एवं प्रखंड स्तर पर हेल्प डेस्क निरंतर कार्यरत हैं. मतदाता निर्वाचन से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर कॉल कर सकते हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

