Hazaribagh News: शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस एवं जिला परिवहन कार्यालय की संयुक्त टीम ने मंगलवार को नगवां टोल प्लाजा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया. अभियान के दौरान नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन चालकों से जुर्माना वसूला गया. अभियान के दौरान कुल 75 हजार रुपये का चालान काटा गया.
इसे भी पढ़ें:
अभियान के दौरान अधिकारियों ने टोल प्लाजा एवं आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे और निर्धारित नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की जांच की. कई वाहन ऐसे पाए गए, जिन्हें निर्धारित पार्किंग स्थल के बजाय सड़क के किनारे या यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले स्थानों पर खड़ा किया गया था. ऐसे वाहनों के खिलाफ चालान काटा गया.
मौके पर जिला परिवहन कार्यालय के पदाधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया. उन्हें स्पष्ट रूप से कहा गया कि सड़क के किनारे यत्र-तत्र वाहन खड़ा करने से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटना की संभावना भी बढ़ जाती है. इसलिए वाहन चालक अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग जोन में ही खड़ा करें. अधिकारियों ने कहा कि नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने पर आगे भी इसी तरह कार्रवाई की जाएगी.
जांच टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थान पर पार्किंग करने तथा सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

