Hazaribagh news : कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र स्थित छड़वा डैम के जंगल में शुक्रवार को एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला. जंगल में शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान धनंजय कुमार, पिता राजकुमार महतो के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार धनंजय कुमार आर्मी में जवान था.
बताया गया कि शुक्रवार सुबह कुछ स्थानीय लोग जंगल की ओर गए थे. इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी. शव देखते ही लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतारकर कब्जे में लिया. पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण करते हुए घटनास्थल से जुड़े तमाम पहलुओं की जानकारी जुटाई.
फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धनंजय की मौत किन परिस्थितियों में हुई. आर्मी जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर से परिजनों और आसपास के लोगों में भी चिंता और शोक का माहौल है. पुलिस अब इस मामले की हर कड़ी जोड़ने में जुटी है.

