Search

 
 
 

Hazaribagh News : लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश में भ्रम फैला रही कांग्रेस- बाबूलाल

Hazaribagh News : बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कांग्रेस पहले ईवीएम को लेकर आरोप लगाती रही, फिर फर्जी मतदाता सूची का मुद्दा उठाया और अब एसआईआर को लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है.
 
मीडिया से बात करते बाबूलाल मरांडी व अन्य.

Hazaribagh News : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश में लगातार भ्रम और अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं. यह साजिश नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में एनडीए सरकार बनने के बाद से चल रही है. मरांडी गुरुवार को भाजपा के लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ अभियान के तहत हजारीबाग परीसदन में आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रहे थे.

 

इसे भी पढ़ें


उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले ईवीएम को लेकर आरोप लगाती रही, फिर फर्जी मतदाता सूची का मुद्दा उठाया और अब एसआईआर को लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मृत, स्थानांतरित, दोहरे और अपात्र मतदाताओं के नामों की जांच कर मतदाता सूची को शुद्ध व पारदर्शी बनाना है. इस प्रक्रिया में बीएलओ के साथ-साथ सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट भी सहयोग कर रहे हैं. यदि किसी योग्य मतदाता का नाम छूट गया है, तो संबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को नियमानुसार लिखित दावा व आपत्ति करनी चाहिए. प्रेसवार्ता और सार्वजनिक बयानबाजी कर जनता को भ्रमित करना उचित नहीं है.


उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनता का विश्वास हासिल करने के बजाय आंदोलन और भ्रामक प्रचार के माध्यम से देश में अस्थिरता पैदा करना चाहती है. लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली किसी भी राजनीतिक पार्टी को जनता के बीच जाकर चुनाव लड़ना चाहिए और जनादेश प्राप्त करना चाहिए. उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं व आम जनता से लोकतंत्र, संविधान, और विकास विरोधी ताकतों के प्रति सतर्क रहने की अपील की. 


हजारीबाग में 4 नवंबर को पदयात्रा

बाबूलाल मरांडी ने बताया कि लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ अभियान के तहत हजारीबाग में 4 नवंबर को पदयात्रा आयोजित की जाएगी. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया. प्रेसवार्ता में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, बड़कागांव के पूर्व विधायक लोकनाथ महतो, जिला भाजपा अध्यक्ष विवेकानंद सिंह जय नारायण प्रसाद कुशवाहा, सुमित कुमार लाहिरी अमरदीप यादव, अभिमन्यु प्रसाद, सुनील शिव प्रसाद मेहता सहित अन्य उपस्थित रहे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही