Hazaribagh News : चौपारण थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने ज्वेलरी कारोबारी के घर और दुकान में डकैती की वारदात को अंजाम दिया. सिंघरावां मोड़ से करीब 200 मीटर दूर लराही रोड स्थित कारोबारी के घर में करीब 10.30 बजे अपराधी घुसे और परिवार के सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया.
अपराधियों ने परिवार के लोगों से घर और दुकान में रखे लॉकर और अलमारियां खुलवाईं. इसके बाद नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए. वारदात के दौरान अपराधी परिवार के दो मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए.
इसे भी पढ़ें
घटना के बाद एक मोबाइल फोन आसपास के इलाके में फेंका हुआ मिला. जबकि दूसरे मोबाइल की लोकेशन गुरपा-गझंडी क्षेत्र में मिली. कुछ देर बाद वह मोबाइल भी बंद हो गया. घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार दल-बल के साथ पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. अपराधियों के आने-जाने के रास्ते, उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों छापेमारी की जा रही है.
फिलहाल लूटे गए नकदी और जेवरात की कुल कीमत का आधिकारिक आकलन नहीं हो पाया है. पुलिस कारोबारी और परिवार के सदस्यों से जानकारी लेकर नुकसान का आकलन कर रही है.

