- हाथ-पैर में पत्थर बांधकर तार से कसा गया था शरीर
- तीन-चार दिन पहले कुएं में फेंके जाने का अनुमान
Hazaribagh News: मानवता को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. चौपारण थाना क्षेत्र के दैहर पंचायत अंतर्गत पकड़िया टांड़ के समीप एक सुनसान कुएं से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया. शव की स्थिति और उसे ठिकाने लगाने के तरीके ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मृतक के हाथ-पैर में पत्थर बांधे गए थे और पूरे शव को कंबल में लपेटकर तार से कसा गया था.
इसे भी पढ़ें:
गुरुवार को ग्रामीणों को कुएं में शव होने की जानकारी मिली. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल चौपारण पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अपने कब्जे में ले लिया.
शव को जिस बेरहमी और सुनियोजित तरीके से कुएं में फेंका गया था,उससे प्रथम दृष्टया हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को ठिकाने लगाने की आशंका जताई जा रही है. हाथ-पैर में पत्थर बांधने और कंबल के साथ तार से शरीर को कसने का मकसद शव को पानी में डुबोकर रखना हो सकता है.
स्थानीय स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि शव को तीन-चार दिन पहले कुएं में फेंका गया होगा. हालांकि, घटना का वास्तविक समय और कारण पोस्टमार्टम तथा पुलिस अनुसंधान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी: थाना प्रभारी
थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि अब तक शव की पहचान नहीं हो पाई है. पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव को 72 घंटे तक शवगृह में सुरक्षित रखा जाएगा. पोस्टमार्टम समेत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक सच्चाई सामने आएगी.
पुलिस के लिए शव की पहचान बड़ी चुनौती
फिलहाल मृतक की पहचान सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ यह पता लगाने में लगी है कि मृतक कौन था, कहां का रहने वाला था और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई. इस घटना ने क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है. ग्रामीणों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

