Search

 
 
 

Hazaribagh News: उपायुक्त ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

उपायुक्त हेमन्त सती ने शनिवार को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने फार्मेसी सेंटर, जन औषधि केंद्र, पैथोलॉजी विभाग, एमटीसी केंद्र, ओपीडी, एक्स-रे कक्ष, रेडियोलॉजिस्ट कक्ष, अल्ट्रासाउंड कक्ष सहित अस्पताल के विभिन्न विभागों एवं केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
 
  • व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
  • दवा वितरण केंद्रों की संख्या बढ़ाने, पैथोलॉजी में व्यवस्था सुधारने एवं अस्पताल परिसर को दलाल मुक्त रखने का निर्देश

Hazaribagh: उपायुक्त हेमन्त सती ने शनिवार को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने फार्मेसी सेंटर, जन औषधि केंद्र, पैथोलॉजी विभाग, एमटीसी केंद्र, ओपीडी, एक्स-रे कक्ष, रेडियोलॉजिस्ट कक्ष, अल्ट्रासाउंड कक्ष सहित अस्पताल के विभिन्न विभागों एवं केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. 


निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जन औषधि केंद्र एवं फार्मेसी सेंटर में दवा लेने पहुंचे लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली. जन औषधि केंद्र के संबंध में उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को इसे अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया. साथ ही मरीजों की सुविधा एवं भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से अस्पताल परिसर में फार्मेसी सेंटर के दवा वितरण केंद्र पांच अलग-अलग स्थानों पर संचालित करने का निर्देश दिया. 

 

इसे भी पढ़ें:

एमटीसी केंद्र का निरीक्षण

उपायुक्त ने एमटीसी केंद्र का निरीक्षण करते हुए वहां की व्यवस्थाओं एवं अभिलेखों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान बिना स्टाम्प एवं गैर जिम्मेदाराना तरीके से दवा लिखे जाने की बात सामने आने पर उन्होंने डीआरसीएचओ से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया.

 
पैथोलॉजी विभाग का लिया जायजा

उपायुक्त ने पैथोलॉजी विभाग एवं ब्लड सैंपल कलेक्शन कक्ष का निरीक्षण किया. पैथोलॉजी विभाग में कार्यरत कर्मियों के कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने रजिस्ट्रेशन सेंटर में कार्यरत कर्मी को हटाकर अन्य कर्मी को ड्यूटी पर लगाने का निर्देश दिया.

 

उन्होंने मरीजों की सुविधा के लिए भुगतान की ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों व्यवस्थाएं उपलब्ध रखने तथा काउंटरों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया. साथ ही सभी प्रकार की जांच के नाम क्रमवार एवं स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया. ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर के लिए भी उपयुक्त स्थान निर्धारित कर उसे स्थानांतरित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया.

 

अस्पताल परिसर में साइनएज बोर्ड लगाने के निर्देश

उपायुक्त ने अस्पताल परिसर के सभी आवश्यक केंद्रों एवं विभागों की जानकारी मरीजों एवं उनके परिजनों को आसानी से उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त साइनएज लगाने तथा माइकिंग सिस्टम की व्यवस्था करने का निर्देश दिया. उन्होंने अस्पताल परिसर को दलालों से पूरी तरह मुक्त रखने का स्पष्ट निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी पदाधिकारी या कर्मी की दलालों के साथ संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.


अस्पताल परिसर में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए पार्किंग को परिसर से बाहर करने तथा इसके लिए ट्रैफिक डीएसपी के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया. निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त रिया सिंह, मेडिकल सुपरिटेंडेंट, सिविल सर्जन सहित अस्पताल के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही