Search

 
 
 

Hazaribagh News: डॉक्टर दंपति ने घरेलू सहायिका पर जान से मारने की कोशिश का लगाया आरोप

Hazaribagh News: डॉक्टर दंपति को घर के एक अन्य स्टाफ ने कथित तौर पर बताया कि एक बार घरेलू सहायिका पूनम देवी ने डॉक्टर चंदन के नारियल पानी में इसी तरह के बीज मिलाकर उन्हें दिया था. पूछताछ करने पर कथित तौर पर उसने नारियल पानी से ही तबीयत खराब होने की बात कही थी.
 
धतूरे के बीज खिलाने लगाया आरोप

Hazaribagh News: हजारीबाग के लोहसिंघना थाना क्षेत्र में डॉक्टर दंपति ने अपनी घरेलू सहायिका पर धतूरे के बीज खिलाकर परिवार के सदस्यों को नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है. मामले में डॉक्टर दंपति की शिकायत पर लोहसिंघना थाना में केस नंबर 88/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने किचन से मिले संदिग्ध बीज को एफएसएल जांच के लिए भेज दिया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

 

इसे भी पढ़ें:

 

जानकारी के अनुसार डॉक्टर खुशबू और डॉक्टर चंदन ने एक सिक्योरिटी एजेंसी के माध्यम से अपने घर में घरेलू सहायिका के रूप में पूनम देवी को रखा था. दंपति के अनुसार पूनम देवी हजारीबाग के सीतागढ़ा लालपुर चौक की रहने वाली बताई जाती है.

 

डॉक्टर दंपति का आरोप है कि सबसे पहले डॉक्टर चंदन की तबीयत अचानक खराब हुई और उन्हें इलाज के दौरान वेंटिलेटर तक पर रखना पड़ा. स्वास्थ्य में सुधार के बाद जब वह घर लौटे तो परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत भी एक-एक कर उसी तरह खराब होने लगी. लगातार स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बाद दंपति अपने पैतृक आवास ओडिशा चले गए.

 

दंपति के मुताबिक, ओडिशा से वापस लौटने के बाद घर की साफ-सफाई के दौरान किचन में एक डिब्बे से धतूरे के बीज बरामद हुए. इसी दौरान घर के एक अन्य स्टाफ ने कथित तौर पर बताया कि एक बार घरेलू सहायिका पूनम देवी ने डॉक्टर चंदन के नारियल पानी में इसी तरह के बीज मिलाकर उन्हें दिया था. पूछताछ करने पर कथित तौर पर उसने नारियल पानी से ही तबीयत खराब होने की बात कही थी.

 

इसके बाद डॉक्टर से परामर्श लेने पर उन्हें बताया गया कि यदि परिवार के कई सदस्यों की तबीयत एक समान तरीके से खराब हो रही है तो इसकी वजह कोई ऐसी चीज हो सकती है, जिसका सेवन सभी लोग कर रहे हों.

 

डॉक्टर दंपति ने घरेलू सहायिका पर घर से सोने के आभूषण चोरी करने का भी आरोप लगाया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

 

लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत ने बताया कि केस नंबर 88/26 दर्ज किया गया है. किचन से मिले दाने को एफएसएल जांच के लिए भेजा गया है. जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. थाना प्रभारी ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही