- रांची से हाजीपुर जा रहा था मिनी ट्रक
Ramgarh News : जिले के मांडू थाना क्षेत्र स्थित हेसागढ़ा के समीप सड़क किनारे खड़े मिनी ट्रक से गुरुवार देर रात चालक का शव बरामद हुआ है. मृतक की पहचान रांची निवासी (ठाकुरगांव थाना क्षेत्र, खाखरा गांव) धर्मनाथ महतो के रूप में हुई है. वह मिनी ट्रक संख्या जेएच-01-एफवाई-4369 का चालक था.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, रांची की सरयू गौतम कंस्ट्रक्शन से निर्माण सामग्री लेकर हाजीपुर जा रहा मिनी ट्रक गुरुवार देर रात हेसागढ़ा के पास सड़क किनारे खड़ा मिला. रात में गश्ती कर रही मांडू पुलिस की नजर वाहन पर पड़ी. पुलिसकर्मियों ने वाहन के पास जाकर चालक को आवाज दी और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. जांच करने पर चालक वाहन के अंदर मृत मिला.
गश्ती दल ने तत्काल थाना प्रभारी सदानंद कुमार को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने परिजनों को भी घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने पर मृतक के चचेरे भाई समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया है. चालक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता अभी नहीं चल सका है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

