Hazaribagh News : हजारीबाग के अन्नदा कॉलेज में ट्यूशन फीस और छात्र फंड में कथित घोटाले के खिलाफ अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने मंगलवार को प्रदर्शन किया और कॉलेज में तालाबंदी की. कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के सभी प्रशासनिक कामकाज ठप करा दिए और कक्षाओं को भी रद्द करवा दिया.
इसे भी पढ़ें
संघ के हजारीबाग नगर अध्यक्ष दीप प्रकाश नारायण ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कॉलेज में छात्रों के फंड और फीस से संबंधित दो-तीन लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया था. पिछले दो महीनों से इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है, लेकिन कॉलेज प्रशासन और प्रिंसिपल का रवैया इस मामले में ढुलमुल रहा है. इससे मजबूर होकर आजसू को कॉलेज में तालाबंदी जैसा कदम उठाना पड़ा.
उन्होंने कॉलेज की प्रिंसिपल नीलमणि मुखर्जी पर भी गंभीर आरोप लगाए. कहा कि वे छात्रों का सामना करने से बच रही हैं. उन्होंने अपना फोन भी बंद रखा है. सुबह से इंतजार करने के बावजूद प्रिंसिपल ने छात्रों के बीच आकर कोई बातचीत नहीं की. दीप प्रकाश नारायण ने कहा कि यह तालाबंदी एक झांकी है. यदि जल्द ही इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

