Hazaribagh News: हजारीबाग चरही थाना क्षेत्र में अपहरण की घटना के बाद हजारीबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत निजी कंपनी के मैनेजर भास्कर कुमार को सकुशल बरामद कर लिया है. पुलिस ने मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल दो वाहनों समेत एक पेन ड्राइव भी बरामद की है.
इसे भी पढ़ें:
पुलिस के अनुसार, बीती रात करीब 8:30 बजे तापिन साउथ सीसीएल परियोजना, चरही में एनईपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत करीब 35 वर्षीय भास्कर कुमार का अपहरण कर लिया गया था. सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) और एसडीपीओ विष्णुगढ़ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई.
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर काले रंग की क्रेटा कार और स्कॉर्पियो की पहचान की. छापेमारी कर स्कॉर्पियो को मुफस्सिल थाना क्षेत्र और क्रेटा कार को चंदवारा थाना क्षेत्र से बरामद किया गया. इसके बाद भास्कर कुमार को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों में राजेश यादव, विक्की कुमार, आनंद कुमार मेहता, दिलीप प्रसाद मेहता और मनीष कुमार शामिल हैं. मामले में चरही थाना कांड संख्या 88/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है. सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी में पुलिस जुटी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

