Hazaribagh News : डुमरी विधायक जयराम महतो मंगलवार को हजारीबाग पहुंचे. उन्होंने गांधी मैदान पहुंचकर छात्रों से मुलाकात की. मीडिया से बातचीत में उन्होंने पुलिस एसोसिएशन व बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ हुए विवाद को राजनीतिक स्टंट करार दिया. कहा कि पूरे मामले को बेवजह राजनीतिक रूप दिया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें
उन्होंने कहा कि झारखंड में छात्र आंदोलन चरम पर था. आंदोलन को कमजोर करने के लिए ही उनका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया. उन्होंने जोर देकर कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी धांधली में सीआईडी ने कई लोगों को गिरफ्तार किया है. झामुमो महासचिव सुप्रीयो भट्टाचार्य की पत्नी पर भी ड्राइवर के माध्यम से पैसे के लेन-देन का आरोप लगा है. इसी मुद्दे को भटकाने के लिए उनके खिलाफ स्टंट किया गया.
उन्होंने छात्रों से अपील की कि यह मामला अभी कोर्ट में लंबित है, इसलिए इस पर टीका-टिप्पणी करना उचित नहीं है. लेकिन छात्र अपना आंदोलन कमजोर न होने दें. जिलों में प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज पर जयराम महतो ने कहा कि पुलिस विधि व्यवस्था के लिहाज से कोई कार्रवाई करती है, तो हम उसका सम्मान करते हैं. लेकिन पुलिस के पीछे से अगर कोई पार्टी विशेष के कार्यकर्ता लाठी चलाते हैं, तो ऐसे लोगों को चिह्नित करें. यदि पुलिस ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं करती है, तो ऐसे लोगों को कबाड़ कर रख देना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

