Ranchi News : डुमरी विधायक जयराम महतो और बरवाअड्डा थाना प्रभारी के विवाद में झारखंड पुलिस एसोसिएशन का दिया 5 दिन का अल्टीमेटम आज समाप्त हो रहा है. इसी बीच झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन ने पुलिस एसोसिएशन के समर्थन में खड़े होने का ऐलान किया है. झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष करण सिंह ने कहा कि इस मामले को लेकर पिछले कई दिनों से तरह-तरह की टिप्पणियां सामने आ रही हैं.
उन्होंने कहा कि यह मामला पुलिसकर्मियों के स्वाभिमान और सम्मान से जुड़ा हुआ है. पुलिस मेंस एसोसिएशन इस मुद्दे पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी.
करण सिंह ने कहा कि यदि झारखंड पुलिस एसोसिएशन की ओर से पूरे राज्य में आंदोलन करने का निर्णय लिया जाता है, तो मेंस एसोसिएशन के करीब 70 हजार पुलिसकर्मी इसमें अपना सहयोग देंगे. उन्होंने कहा कि सिपाही से लेकर हवलदार तक सभी पुलिसकर्मी पुलिस एसोसिएशन के निर्णय के साथ खड़े रहेंगे.
उन्होंने कहा कि कानून और संविधान सभी के लिए समान है. किसी भी व्यक्ति द्वारा किया गया अनुचित या दुर्व्यवहार का कार्य उचित नहीं ठहराया जा सकता. चाहे ऐसा व्यवहार पुलिसकर्मी की ओर से किया गया हो, किसी जनप्रतिनिधि की ओर से या आम नागरिक की ओर से, कानून में सभी के लिए प्रावधान है.
करण सिंह ने कहा कि यदि किसी के साथ दुर्व्यवहार हुआ है तो उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की मांग करने का अधिकार है. इसी तरह यदि पुलिसकर्मी की ओर से भी गलत व्यवहार किया गया है और तथ्य सामने आते हैं, तो पुलिस मेंस एसोसिएशन ऐसे पुलिसकर्मी का संरक्षण नहीं करेगा और उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि यह मामला केवल पुलिस बनाम विधायक का विषय नहीं है. उनके अनुसार, मामला एक पीड़ित परिवार की शिकायत से जुड़ा हुआ है, जिसमें थाना में आवेदन दिया गया है और मामले में आरोपी के तौर पर विधायक जयराम महतो से जुड़े व्यक्ति का नाम सामने आया है. पुलिस कानून और संविधान के आधार पर कार्रवाई कर रही है.
करण सिंह ने कहा कि पुलिस को कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करनी चाहिए और यदि किसी पुलिसकर्मी ने नियमों का उल्लंघन किया है तो उसके खिलाफ भी विधि सम्मत कार्रवाई होनी चाहिए. वहीं, उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों के आत्मसम्मान से जुड़े इस मामले में झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन झारखंड पुलिस एसोसिएशन को पूर्ण सहयोग देगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

