Ranchi News : झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने जयराम महतो के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. संगठन की ओर से अध्यक्ष राहुल मुर्मू ने कहा कि विधायक जयराम महतो की अविलंब गिरफ्तारी हो. एसोसिएशन का कहना है कि मामले में तय समय के भीतर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें...
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के नेतृत्व में डीएसपी एसोसिएशन, झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन और झारखंड चतुर्थवर्गीय कर्मचारी संघ के साझा संघर्ष की बात कही गई है. एसोसिएशन के पदाधिकारियों के मुताबिक यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे पुलिस परिवार के मान-सम्मान, गरिमा और अधिकार से जुड़ी है. झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन की ओर से भी समर्थन दिए जाने की बात कही गई है.
पांच दिन का दिया था अल्टीमेटम
एसोसिएशन के पदाधिकारी ने बताया कि बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ विधायक जयराम महतो द्वारा कथित तौर पर गाली-गलौज किए जाने के बाद एसोसिएशन ने इसका कड़ा विरोध किया था. इसके बाद धनबाद के पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारियों की मांग पर विरोध की रणनीति तैयार की गई.
मामले में एसएसपी धनबाद को पांच दिन का अल्टीमेटम देते हुए विधायक की गिरफ्तारी की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की गई थी. एसोसिएशन का आरोप है कि तय समय बीत जाने के बावजूद उन्हें कार्रवाई की प्रगति के संबंध में कोई जानकारी या जवाब नहीं दिया गया.
एसोसिएशन ने कहा कि पुलिस को मामले में नोटिस तामिला, दबिश और साक्ष्य संकलन सहित की गई कार्रवाई की जानकारी सामने रखनी चाहिए थी. अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संगठन ने धनबाद पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है.
विधि द्वारा स्थापित प्रक्रिया का पालन हो
एसोसिएशन के पदाधिकारी ने कहा कि संगठन संविधान और विधि द्वारा स्थापित प्रक्रिया में विश्वास करता है. यदि विधायक के खिलाफ मामला दर्ज है तो जांच और कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें न्यायालय तक पहुंचाने की कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि दोषी कौन है, इसका अंतिम निर्णय न्यायालय करेगा, लेकिन पुलिस की कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाना जरूरी है.
थाना प्रभारी दोषी हैं तो कार्रवाई हो
एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया कि वह किसी पुलिस अधिकारी के गलत काम का समर्थन नहीं करता. पदाधिकारी ने कहा कि यदि बरवाअड्डा थाना प्रभारी पर लगाए गए आरोप सही हैं, तो उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए. पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई से लेकर निलंबन और बर्खास्तगी तक का प्रावधान है.
विधायक के व्यवहार पर भी उठाए सवाल
एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो के कथित बयानों और व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों का पालन करना चाहिए. संगठन का आरोप है कि विधायक द्वारा युवाओं को उकसाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है.
एसोसिएशन ने कहा कि विधायक को व्यवस्था में विश्वास रखना चाहिए. यदि किसी पुलिस अधिकारी से गलती होती है तो उसके खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई का रास्ता मौजूद है. जनप्रतिनिधियों को इसी संवैधानिक व्यवस्था के तहत अपनी बात रखनी चाहिए.
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने साफ किया है कि वह अपनी मांग से पीछे हटने वाली नहीं है. संगठन ने कहा कि जयराम महतो की गिरफ्तारी की प्रक्रिया अविलंब पूरी की जाए, अन्यथा आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा. एसोसिएशन ने दावा किया कि उसके साथ कई पुलिस संगठनों का समर्थन है और आने वाले दिनों में यह साझा संघर्ष और मजबूत होगा.
एसोसिएशन का कहना है कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि पुलिस परिवार के मान-सम्मान और संवैधानिक व्यवस्था की रक्षा के लिए है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.



