Search

 
 
 

Hazaribagh News : सवारी वाहन पलटा, एक की मौत, कई घायल

झारखंड के हजारीबाग जिले में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. कटकमसांडी प्रखंड के कटकमसांडी-डॉटो मार्ग स्थित चंदवा टोंगरी के पास एक सवारी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
 

Ranchi : झारखंड के हजारीबाग जिले में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. कटकमसांडी प्रखंड के कटकमसांडी-डॉटो मार्ग स्थित चंदवा टोंगरी के पास एक सवारी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी तेज थी कि वाहन सड़क किनारे पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की.

 

मृतक की पहचान चतरा जिले के दुआरी गांव निवासी 45 वर्षीय बिनोद भुइयां के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि हादसे में उन्हें गंभीर चोटें लगी थीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया.

 

दुर्घटना में घायल लोगों में अमित राणा, सरिता देवी और मुनिया देवी समेत कई यात्री शामिल हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए कटकमसांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. वहीं, गंभीर रूप से घायल अमित राणा को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर किया गया है.

 

जानकारी के मुताबिक सवारी वाहन हजारीबाग से यात्रियों को लेकर डॉटो की ओर जा रहा था. इसी दौरान चंदवा टोंगरी के पास अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. वाहन सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही