Hazaribagh News: जिले के अमनारी गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक विशालकाय अजगर ने करीब 30 किलो की बकरी को अपना शिकार बना लिया. ग्रामीणों की सूचना पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक लोगों के शोरगुल से अजगर झाड़ियों के बीच जंगल में जा छिपा. घंटों की मशक्कत और जोखिम भरा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ.
इसे भी पढ़ें:
जहां जंगल में छह फीट से भी ऊंची घनी झाड़ियां थीं, जिसके बीच अजगर को तलाशना आसान नहीं था. रेस्क्यू टीम के सदस्य गोपाल और हर्ष यादव की मदद से उसकी खोज शुरू की गई. काफी मशक्कत के बाद अजगर पास के एक नाले में दिखाई दिया. वहां से उसे सुरक्षित बाहर निकालना भी बड़ी चुनौती थी, क्योंकि अजगर का आकार काफी बड़ा था और उसे पकड़ने में रेस्क्यू टीम के सदस्यों को भी खतरा हो सकता था.
सावधानी बरतते हुए टीम ने अजगर की पूंछ पकड़कर बाहर निकाला. इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उसे सड़क तक लाया गया. अजगर घायल अवस्था में था और उसके शरीर पर चोटें भी थीं. बकरी की मौत हो चुकी थी, जिसका वजन ग्रामीणों के अनुमान के मुताबिक करीब 30 किलो था.
रेस्क्यू के बाद WBRG टीम ने मामले की जानकारी डीएफओ उज्जवल विकास को दी. इसके बाद अजगर के उपचार की व्यवस्था की गई. टीम के मुताबिक, इलाज के बाद जब अजगर पूरी तरह स्वस्थ हो जाएगा, तब उसे वन्यजीव अभयारण्य में छोड़े जाने की योजना है.
इस घटना ने एक बार फिर इंसान और वन्यजीवों के बीच बढ़ते टकराव की ओर ध्यान खींचा है. ऐसे मामलों में ग्रामीणों को भीड़ लगाने या शोर मचाने के बजाय वन विभाग को सूचना देनी चाहिए, ताकि वन्यजीवों और लोगों—दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

