Hazaribagh News : कोर्रा थाना क्षेत्र के नीलांबर-पीतांबर चौक के पास चोरों ने एक साथ सात फुटपाथ दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की. चोरों ने दुकानों की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे सामान व नकदी पर हाथ साफ कर दिया
इस प्रकार की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है. चोरी की चपेट में अदित्य जनरल स्टोर, श्रीराम टेलीकॉम, हलीम साइकिल दुकान, मिस्टर चाय वाला, सुनील जूता वाला, ओम साईं टी स्टॉल और एक सब्जी दुकान शामिल हैं.
बताया जा रहा है कि चोरों ने एक-एक कर सभी दुकानों को निशाना बनाया और छत काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. घटना की जानकारी दुकानदारों को सुबह दुकान खोलने के दौरान हुई. दुकानों की छत कटी हुई और अंदर का सामान बिखरा देखकर दुकानदारों के होश उड़ गए.
दुकानदारों के मुताबिक, सातों दुकानों को मिलाकर करीब एक लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है. घटना के बाद दुकानदारों में नाराजगी और भय का माहौल है. अब दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है. दुकानदारों ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरों की पहचान करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है.

