- खेल प्रतिभाओं के प्रदर्शन से गूंजा वीर कुंवर सिंह स्टेडियम, विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
- खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का करता है विकास: डीआईजी अंजनी कुमार झा
- खेल और शिक्षा के समन्वय से युवा होंगे और अधिक सशक्त: कुलपति चंद्रभूषण शर्मा
Hazaribagh News: हजारीबाग ओलंपिक संघ एवं हजारीबाग जिला प्रशासन के तत्वावधान में वीर कुंवर सिंह स्टेडियम (कर्जन ग्राउंड) में आयोजित तीन दिवसीय प्रमंडल स्तरीय खेल महोत्सव-2026 का सोमवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया. तीन दिनों तक चले इस खेल महोत्सव में प्रमंडल के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने फुटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, तीरंदाजी सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया.
इसे भी पढ़ें:
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में हजारीबाग उपायुक्त की प्रमुख भूमिका रही. उनकी पहल एवं जिला प्रशासन के सहयोग से प्रमंडल स्तरीय खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच उपलब्ध हुआ, जहां खिलाड़ियों ने प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ खेल भावना और आपसी भाईचारे का भी परिचय दिया.
समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हजारीबाग डीआईजी अंजनी कुमार झा, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति चंद्रभूषण शर्मा, हजारीबाग आरक्षी अधीक्षक अमन कुमार, हजारीबाग नगर निगम के महापौर अरविंद कुमार राणा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडे, नगर आयुक्त ओम प्रकाश, चतरा जिला परिषद उपाध्यक्ष बृज किशोर कुमार, जिला खेल पदाधिकारी सह पर्यटन पदाधिकारी कैलाश राम, हजारीबाग ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा, आईसेक्ट विश्वविद्यालय के कुल सचिव मुनीष गोविंद, बरकट्ठा जिला परिषद सदस्य कुमकुम देवी तथा भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शेफाली गुप्ता सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे.
डीआईजी अंजनी कुमार झा ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन है. विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति चंद्रभूषण शर्मा ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल का भी विद्यार्थियों और युवाओं के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है.
विजेता खिलाड़ियों को मिला सम्मान
समापन समारोह का सबसे आकर्षक एवं गौरवपूर्ण क्षण पुरस्कार वितरण समारोह रहा. विभिन्न खेलों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया गया.
फुटबॉल प्रतियोगिता
बालिका वर्ग में हजारीबाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रामगढ़ द्वितीय और चतरा तृतीय स्थान पर रहा. जबकि, बालक वर्ग में रामगढ़ ने प्रथम स्थान हासिल किया. हजारीबाग द्वितीय तथा कोडरमा तृतीय स्थान पर रहा.
वॉलीबॉल प्रतियोगिता
पुरुष वर्ग में हजारीबाग ने प्रथम, धनबाद ने द्वितीय तथा रामगढ़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं, महिला वर्ग में धनबाद प्रथम, हजारीबाग द्वितीय तथा रामगढ़ तृतीय स्थान पर रहा.
खो-खो प्रतियोगिता
बालक वर्ग में बोकारो प्रथम, हजारीबाग द्वितीय तथा कोडरमा तृतीय स्थान पर रहा. बालिका वर्ग में हजारीबाग ने प्रथम स्थान हासिल किया. रामगढ़ द्वितीय तथा बोकारो तृतीय स्थान पर रहा.
बैडमिंटन प्रतियोगिता
पुरुष एकल वर्ग में हजारीबाग के नायक स्वप्निल प्रथम, हजारीबाग के अबू रेयान द्वितीय तथा गिरिडीह के अंकित कुमार तृतीय रहे. पुरुष युगल वर्ग में गिरिडीह के रौशन कुमार एवं आदर्श पांडे प्रथम स्थान पर रहे. हजारीबाग के क्षितिज अनंत एवं रेहान सहाय ने द्वितीय तथा नायक स्वप्निल एवं अबू रेयान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.
महिला एकल वर्ग में बोकारो की अनीशा पात्रा प्रथम, हजारीबाग की निशिता राणा द्वितीय तथा हजारीबाग की अनन्या गिरी तृतीय रहीं. महिला युगल वर्ग में हजारीबाग की अनन्या गिरी एवं होली साक्षी रॉबा की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. बोकारो की अनीशा पात्रा एवं आसना कृषु द्वितीय तथा हजारीबाग की रूपांशु कुमारी एवं सुजाता कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं.
एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
400 मीटर पुरुष वर्ग में मनीष बेदिया प्रथम, रितेश कुमार द्वितीय तथा महवीश रजा तृतीय रहे.
100 मीटर महिला वर्ग में पृथ्वी उरांव प्रथम, सपना कुमारी द्वितीय तथा अनीश कुमारी तृतीय रहीं.
200 मीटर पुरुष वर्ग में अरशनान अली प्रथम, करण लकड़ा द्वितीय तथा विवेक कुमार वर्मा तृतीय रहे.
200 मीटर महिला वर्ग में सपना कुमारी प्रथम, अनीशा कुमारी द्वितीय तथा पलक कुमारी तृतीय रहीं.
1500 मीटर महिला वर्ग में अनिशा कुमारी प्रथम, जैकलिन खेस द्वितीय तथा रूबी कुमारी तृतीय रहीं.
1500 मीटर पुरुष वर्ग में अजीत कुमार प्रथम, प्रदीप कुमार द्वितीय तथा लव रविदास तृतीय स्थान पर रहे.
तीरंदाजी में भी खिलाड़ियों ने साधा निशाना
महिला वर्ग में हजारीबाग की ज्योति बाला ने प्रथम, बोकारो की अपूर्वा बांडो ने द्वितीय तथा रामगढ़ की आकांक्षा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. बालक वर्ग में बोकारो के रुद्राक्ष पांडे प्रथम, बोकारो के विजय गोराई द्वितीय तथा हजारीबाग के प्रियांशु कुमार तृतीय स्थान पर रहे.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
समापन समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में DAV जूनियर के बच्चों ने झारखंडी लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया. वहीं मां संगीतायन के बच्चों ने बांग्ला नृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक विविधता की खूबसूरत झलक पेश की. उदय कुमार के नेतृत्व में आत्मरक्षा एवं कराटे का शानदार प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा. खेल, संस्कृति और आत्मरक्षा के अद्भुत संगम ने समापन समारोह को यादगार बना दिया.
खेल संघों के पदाधिकारी हुए सम्मानित
समारोह के दौरान विभिन्न खेल संघों से जुड़े पदाधिकारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रशिक्षकों, खेल संघों के पदाधिकारियों एवं सहयोगियों के योगदान की भी सराहना की गई.
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी सह पर्यटन पदाधिकारी कैलाश राम, जिला कराटे संघ के महासचिव उदय कुमार, जिला फुटबॉल संघ के सचिव कौलेश्वर गोप, डीएससी सरोज यादव, ओलंपिक संघ के चंदेश दास, आर्चरी संघ के मनोज कुमार, ताइक्वांडो संघ के हेमंत कुमार, वॉलीबॉल के कार्यकारी अध्यक्ष सत्यदेव सिंह, टेबल टेनिस कोच मोहम्मद रफीक, एथलेटिक्स कोच साबिर हुसैन, अमित शर्मा, खो-खो के संयुक्त सचिव खुर्शीद आलम, मनसूर आलम, जिला खेल कोषांग के नोडल मधुसूदन सिंह, अनवर हुसैन, फुटबॉल खिलाड़ी अनुष्का कुमारी, एथलेटिक्स कोच अनुकंपा रूण्डा एवं मुदस्सर खान सहित शरीफ उल्लाह गुड्डू, देवनारायण प्रसाद, भोला राणा, भीम राणा, सुनील कुमार यादव, मुकेश रंजन, पंकज कुमार, संजू कुमारी, प्रिया कुमारी, अंगेश कुमार राय एवं सरफराज सहित प्रमंडल के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, खेल प्रेमी, खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

