- तीन चौराहों पर बदलेगा वाहनों का रूट
Hazaribagh News : हजारीबाग शहर में अक्सर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस और नगर निगम ने नई व्यवस्था की शुरुआत की है. शनिवार को बुढ़वा महादेव चौक और बंशीलाल चौक के आसपास वाहनों के परिचालन को व्यवस्थित करने के लिए वन-वे व्यवस्था का ट्रायल शुरू किया गया. इसके तहत बुढ़वा महादेव चौक, गाड़ीखाना चौक और बंशीलाल चौक को जोड़कर एक यातायात घेरा बनाया गया है.
इसे भी पढ़ें
सीसीआर डीएसपी एकरामुल हक ने बताया कि बुढ़वा महादेव चौक से आने वाले वाहन सीधे बंशीलाल चौक की ओर नहीं जाएंगे. उन्हें पहले गाड़ीखाना चौक और फिर बंशीलाल चौक होकर आगे बढ़ना होगा. वहीं, झंडा चौक से बस स्टैंड की ओर जाने वाले वाहनों को बंशीलाल चौक से बाएं मुड़कर गाड़ीखाना और बुढ़वा महादेव चौक होते हुए पुराना बस स्टैंड की ओर बढ़ना होगा. इस व्यवस्था का उद्देश्य तीनों प्रमुख चौराहों पर वाहनों का दबाव कम करना है.
हाजारीबाग मेयर अरविंद राणा ने बताया कि फिलहाल यह व्यवस्था परीक्षण के तौर पर शुरू की गई है. इसके सफल रहने पर शहर के अन्य मार्गों पर भी वन-वे व्यवस्था लागू करने की संभावना है. मुख्य सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों को हटाकर अस्पताल के पास तैयार की गई पार्किंग में लगवाया जाएगा.
डीएसपी ने ऑटो चालकों को चेतावनी दी है कि सड़क पर कहीं भी वाहन रोककर सवारी न चढ़ाएं और न उतारें. बिना नंबर प्लेट वाले ऑटो के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आम लोगों से भी यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर बेतरतीब पार्किंग नहीं करने की अपील की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

