- दैहर के कुएं में कंबल, तार और पत्थर से बांधकर फेंका था चालक का शव
- महाराजगंज के पास पुलिस ने हथियारों से लैस दो आरोपितों को दबोचा
- मामले में 726 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, हत्या में प्रयुक्त वैगनआर समेत तीन वाहन जब्त
Hazaribagh News: चौपारण थाना क्षेत्र के दैहर गांव स्थित कुएं में 5 नवंबर को मिले अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है. तुपुदाना से शराब लदे ट्रक के गायब होने और उसके चालक की बेरहमी से हत्या कर शव को कुएं में फेंकने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. इस संबंध में सुसंगत धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:
इस हत्याकांड के खुलासे के साथ ही शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भी मामला सामने आया है. गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. वहीं पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त वैगनआर कार के अलावा शराब की ढुलाई में इस्तेमाल पिकअप और फार्च्यूनर वाहन को भी जब्त किया है.
अलग अलग ठिकानों से कुल 726 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई है. पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि तुपुदाना से गायब शराब लदे ट्रक के चालक की हत्या में शामिल अपराधी हथियारों के साथ चौपारण इटखोरी मुख्य सड़क पर घूम रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. इसमें चौपारण और तुपुदाना पुलिस को शामिल किया गया.
पुलिस टीम ने महाराजगंज गांव के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान संदिग्ध वैगनआर कार को रोककर तलाशी ली गई. कार में सवार दो युवकों के पास से हथियार और गोलियां बरामद हुईं. इसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र के परसौनी गांव निवासी रणविजय सिंह (34), पिता सतराजीत सिंह तथा चौपारण थाना क्षेत्र के दैहर गांव निवासी विशाल कुमार सिंह (27), पिता स्वर्गीय गोपाल सिंह के रूप में हुई है.
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपितों ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर ट्रक चालक की हत्या करने की बात स्वीकार की है. पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से चालक के शव को कंबल में लपेटकर तार और पत्थर की मदद से बांधा गया और फिर दैहर गांव के एक कुएं में डाल दिया गया था.
पांच नवंबर को इसी कुएं से शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. उस समय शव की पहचान और हत्या के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे. अब पुलिस की जांच में शराब लदे ट्रक के गायब होने और चालक की हत्या के बीच संबंध सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने शराब की बरामदगी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की.
डीएसपी राधा प्रेम किशोर ने बताया कि तीन अलग-अलग स्थानों से शराब बरामद की गई है. दैहर, इटखोरी के सेवईया पुल के पास नेवरीकरमा तथा बरही के मुर्गी फार्म के समीप सुनसान स्थानों पर बंद कमरों में शराब छिपाकर रखी गई थी. पुलिस ने इन ठिकानों से भारी मात्रा में शराब बरामद की है.
आरोपियों का रहा हैं आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार रणविजय सिंह का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ धनबाद थाना में वर्ष 2015 में धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज है. वहीं चौपारण थाना में वर्ष 2026 में उत्पाद एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत भी प्राथमिकी दर्ज है.
दूसरे आरोपित विशाल कुमार सिंह के खिलाफ चतरा सदर थाना में आर्म्स एक्ट तथा इटखोरी थाना में चोरी और चोरी का सामान रखने के मामले पूर्व से दर्ज हैं. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक नेटवर्क, शराब की खरीद-बिक्री, ट्रक से शराब उतारने और उसे अलग-अलग ठिकानों पर छिपाने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

