Hazaribagh News : चरही थाना क्षेत्र के 15 माइल स्थित चिंतपूर्णी स्टील प्लांट में मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में 45 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई. इंगोट विभाग में काम करने वाले नरेश महतो की मौत 22 चक्का हाइवा की चपेट में आने से हो गई.
हादसे के बाद प्लांट परिसर में मजदूरों और परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा. देर रात तक शव मौके पर पड़ा रहा और मुआवजा व नौकरी की मांग को लेकर हंगामा जारी रहा.मृतक की पहचान मांडू थाना क्षेत्र के बलसागरा के पतरवा टोला निवासी नरेश महतो, पिता देवनाथ महतो के रूप में हुई है.
बताया गया कि मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे नरेश इंगोट विभाग में काम कर रहा था. गर्म लोहे के कारण अधिक गर्मी महसूस होने पर वह बाहर निकला. इसी दौरान 22 चक्का हाइवा संख्या JH 02 BM 9340 की चपेट में आ गया. हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद साथी मजदूरों और परिजनों में आक्रोश फैल गया. परिजन और स्थानीय जनप्रतिनिधि प्लांट पहुंचे और कंपनी प्रबंधन से मुआवजा देने के साथ मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग रखी. मांग पूरी होने तक शव उठाने से इनकार कर दिया गया.
प्लांट में मौजूद कुछ मजदूरों ने हाइवा चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया. प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि चालक नशे में था और उसकी लापरवाही के कारण नरेश वाहन की चपेट में आया. हालांकि, चालक के नशे में होने की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.
मजदूरों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और मजदूरों ने कंपनी की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए. उनका आरोप है कि प्लांट में मजदूरों की सुरक्षा से लेकर वेतन भुगतान तक नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी में सेफ्टी इंजीनियर तक मौजूद नहीं है और लेबर कोड के प्रावधानों का भी पालन नहीं किया जा रहा है.
घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है. परिजनों ने बताया कि 45 वर्षीय नरेश महतो पिछले 25 सालों से यहां पर काम कर रहे थे. वह अपने पीछे दो पत्नी और दो बच्चों को छोड़कर चले गए. कंपनी से मांग है उनके आश्रितों के लिए मुआवजा की व्यवस्था की जाए साथ ही पत्नी को नौकरी दी जाएं.
घटना की सूचना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि भी प्लांट पहुंचे. उन्होंने कंपनी प्रबंधन से बातचीत कर मृतक के परिजनों को मुआवजा और आश्रित को नौकरी देने की मांग रखी. साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात कही.मौके पर रामगढ़ विधायक ममता देवी, मांडू विधायक निर्मल महतो और भाजपा नेता शिवलाल महतो समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
कंपनी प्रबंधन ने कहा- सभी नियमों का पालन होता है
वहीं, कंपनी प्रबंधन ने मजदूरों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्लांट में सभी निर्धारित नियमों का पालन किया जाता है. प्रबंधन के अनुसार मंगलवार को ही मजदूरों को वेतन मिला था और मृतक नरेश महतो भी वेतन के रुपये गिनते हुए बाहर निकल रहे थे. इसी दौरान वह एक वाहन की चपेट में आ गए .

