Hazaribagh News : बरही अनुमंडलीय अस्पताल में शनिवार शाम गोली लगने से गंभीर रूप से घायल एक युवक को इलाज के लिए लाया गया. घायल की पहचान अजय कुमार सिंह (21), पिता मुकेश सिंह, ग्राम चापी, बाराचट्टी, गया (बिहार) के रूप में हुई है.
बताया गया कि युवक की पीठ में गोली लगी थी, जो पेट की तरफ से आर-पार निकल गई. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया.
ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक के अनुसार, अस्पताल में गोली लगने जैसे गंभीर मामलों की सर्जरी और जटिल इलाज की पर्याप्त सुविधा नहीं है. इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद युवक को रिम्स भेजा गया.
घायल युवक को पुलिसकर्मी अस्पताल लेकर पहुंचे थे. हालांकि, गोलीबारी की घटना कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इस संबंध में पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. सूत्रों के अनुसार, युवक के डोडा-अफीम के अवैध कारोबार से जुड़े होने की भी जानकारी सामने आई है. पुलिस घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

