Hazaribagh : हजारीबाग स्थित कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डांड गांव में पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया. मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई. गांव में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई. घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कुल 22 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. एक पक्ष की ओर से सरफरोज अंसारी ने शिकायत दर्ज कराते हुए मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. इस मामले में पुलिस ने आठ लोगों को नामजद किया है.
वहीं दूसरे पक्ष की रूबेदा खातून ने भी पुलिस को आवेदन देकर मारपीट और परिवार के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है. उनकी शिकायत पर 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत पति-पत्नी के आपसी मामले को लेकर हुई थी. बाद में दोनों पक्षों के परिवार और अन्य लोग इसमें शामिल हो गए. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस के अनुसार जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment