- किसी नौकरशाह को अतिरिक्त प्रभार देना या पार्ट-टाइम नियुक्ति करना वैधानिक बाध्यता का विकल्प नहीं हो सकता
Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (JSPCB) में लगभग छह वर्षों से पूर्णकालिक सदस्य सचिव (Member Secretary) की नियुक्ति न किए जाने पर कड़ा रुख अपनाया है.
मुख्य न्यायाधीश एम.एस. सोनक और न्यायमूर्ति प्रदीप कुमार श्रीवास्तव की खंडपीठ ने मामले में टिप्पणी करते हुए कहा कि महज पार्ट-टाइम अधिकारी बदल देना "नई बोतल में पुरानी शराब" जैसा है.
खंडपीठ ने कहा कि पिछले करीब छह साल से बोर्ड बिना पूर्णकालिक सदस्य सचिव के चल रहा है. किसी नौकरशाह को अतिरिक्त प्रभार देना या पार्ट-टाइम नियुक्ति करना वैधानिक बाध्यता का विकल्प नहीं हो सकता. इसके साथ ही कोर्ट ने 6 सप्ताह में जेएसपीसीबी में पूर्णकालिक सदस्य सचिव नियुक्त करने का दिया आदेश दिया है.
खंडपीठ ने कहा कि जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1974 की धारा 4(2)(f) और वायु अधिनियम, 1981 की धारा 5(2)(f) के तहत प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में वैज्ञानिक, इंजीनियरिंग या प्रदूषण नियंत्रण प्रबंधन की योग्यता रखने वाले पूर्णकालिक सदस्य सचिव की नियुक्ति अनिवार्य है.
सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले और संविधान के अनुच्छेद 21 का हवाला देते हुए अदालत ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण का अधिकार जीवन के अधिकार का हिस्सा है और ऐसे महत्वपूर्ण पद पर नियमित नियुक्ति न करना सरकार की प्राथमिकताओं में चूक को दर्शाता है.
इसे भी पढ़ें -
सरकार की दलील पर हाईकोर्ट की दो टूक
सरकार की ओर से महाधिवक्ता ने 2026 की नई नियुक्ति नियमावली के नियम-10 का हवाला देते हुए अंतरिम व्यवस्था की दलील दी. इसपर कोर्ट ने दो टूक कहा कि कोई भी नियमावली मूल अधिनियम (Parent Act) के प्रावधानों को कमजोर नहीं कर सकती और न ही 'अंतरिम व्यवस्था' के नाम पर वर्षों तक एड-हॉक व्यवस्था चलाई जा सकती है.
गौरतलब है कि खंडपीठ ने राज्य सरकार को छह सप्ताह के भीतर एक योग्य पूर्णकालिक सदस्य सचिव नियुक्त करने का परमादेश (Writ of Mandamus) जारी किया है. कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि आदेश के अनुपालन की व्यक्तिगत जिम्मेदारी वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव की होगी. खंडपीठ ने यह भी कहा कि प्रशासनिक शून्य की स्थिति से बचने के लिए कोर्ट ने राजीव लोचन बख्शी को तत्काल पद से नहीं हटाया है, क्योंकि उनकी योग्यता से जुड़ा मामला पहले से एक अन्य याचिका में लंबित है. पूर्णकालिक नियुक्ति होते ही वे स्वतः पदमुक्त हो जाएंगे.
अनुपालन रिपोर्ट और व्यक्तिगत पेशी
इसी सिलसिले में वन एवं पर्यावरण विभाग के प्रधान सचिव को 12 जनवरी 2027 तक कोर्ट में अनुपालन रिपोर्ट (Compliance Report) दाखिल करनी होगी, मामले की अगली सुनवाई 21 जनवरी 2027 को तय की गई है. यदि तय समय पर रिपोर्ट दाखिल नहीं हुई, तो प्रधान सचिव को 21 जनवरी को कोर्ट में सशरीर उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देना होगा.
क्या है पूरा मामला
सुनील कुमार महतो की ओर से दायर जनहित याचिका में 12 सितंबर 2024 की उस अधिसूचना को चुनौती दी गई थी, जिसके तहत आईएफएस अधिकारी राजीव लोचन बख्शी को जेएसपीसीबी का अंशकालिक (पार्ट-टाइम)/अतिरिक्त प्रभार वाला सदस्य सचिव नियुक्त किया गया था. याचिका में इस नियुक्ति को रद्द करने और नियमित पूर्णकालिक सदस्य सचिव नियुक्त करने की मांग की गई थी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


