Palamu News: मेदनीनगर में रामगढ़ थाना क्षेत्र के काचन गांव में मंगलवार सुबह हुए ब्लास्ट को लेकर पुलिस की पूछताछ में नया खुलासा हुआ है. शुरुआती जानकारी में घटना खुखड़ी चुनने के दौरान गड्ढे में हाथ डालने से बम फटने की बताई गई थी.
इसे भी पढ़ें:
हालांकि पुलिस जांच में सामने आया कि शनिचर राम जंगली सुअर को फंसाने के लिए पटाखा लगा रहा था. इसी दौरान पटाखा उसके हाथ में फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल की पहचान काचन गांव निवासी 55 वर्षीय शनिचर राम मोची के रूप में हुई है. घटना मंगलवार सुबह करीब 8 बजे की है. बताया गया कि वह अपने घर से करीब आधा किलोमीटर दूर जंगल में गया था. जंगली सुअर को फंसाने के लिए पटाखा लगाने के दौरान अचानक विस्फोट हो गया. हादसे में उसके हाथ की एक उंगली उड़ गई.
घटना के बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए एमएमसीएच लेकर पहुंचे. परिजनों ने रामगढ़ थाना को घटना की सूचना नहीं दी और सीधे अस्पताल ले आए. बाद में पुलिस को मामले की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने घायल से पूछताछ की.
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जंगली सुअर को फंसाने के लिए पटाखा लगाने के दौरान विस्फोट हुआ है. मामले में पुलिस अग्रिम जांच-पड़ताल कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

