Ranchi News : रांची के ट्यूलिप हॉस्पिटल में मरीजों और उनके परिजनों के साथ कथित मारपीट मामले को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गंभीरता से लिया है. उन्होंने मामले की तत्काल जांच के आदेश दिए हैं. स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह को जांच कमेटी गठित करने का निर्देश दिया है. साथ ही कमेटी को दो दिनों के अंदर जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा है.
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि अगर जांच में किसी तरह की अनियमितता, मनमानी या गलती सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. उन्होंने नियमों का उल्लंघन मिलने पर जुर्माने के साथ-साथ अस्पताल को सील करने की भी चेतावनी दी है. मंत्री ने कहा कि किसी भी निजी अस्पताल को मरीजों और उनके परिजनों के साथ मनमानी करने की छूट नहीं है. अस्पताल चाहे किसी बड़े कारोबारी, पूंजीपति या प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़ा हो, कोई भी कानून से ऊपर नहीं है.
इरफान अंसारी ने अस्पतालों में बाउंसरों के जरिए मरीजों या उनके परिजनों के साथ मारपीट को भी गलत बताया. उन्होंने कहा कि अस्पताल इलाज और लोगों की जान बचाने के लिए होता है. वहां मरीजों को सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए, डर और दहशत नहीं. उन्होंने कहा कि उनके लिए जनता सबसे ऊपर है. जनता के साथ अन्याय होने पर वह चुप नहीं बैठेंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

