Ranchi News : झारखंड सरकार ने शहरी बस्तियों में रहने वाले गरीब लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए 4.30 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की है. यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लिनिक यानी मुख्यमंत्री हाट बाजार एवं मोहल्ला क्लिनिक के संचालन और प्रबंधन के लिए दी गई है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के आदेश के अनुसार, यह राशि राज्य के पांच जिलों को दी गई है. इसमें धनबाद, देवघर, चतरा, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें
आदेश के अनुसार, सामान्य क्षेत्र के लिए 3 करोड़ 65 लाख 85 हजार 600 रुपये जारी किए गए हैं. इसमें धनबाद को 1 करोड़ 85 लाख 42 हजार 400 रुपये, देवघर को 1 करोड़ 41 लाख 76 हजार 800 रुपये और चतरा को 38 लाख 66 हजार 400 रुपये मिले हैं. वहीं जनजातीय क्षेत्र के लिए 64 लाख 44 हजार रुपये दिए गए हैं. इसमें पश्चिमी सिंहभूम को 51 लाख 55 हजार 200 रुपये और सिमडेगा को 12 लाख 88 हजार 800 रुपये मिले हैं.
सरकार के आदेश के अनुसार, संबंधित जिलों के सिविल सर्जन इस राशि के निकासी और खर्च के जिम्मेदार होंगे. राशि की निकासी जिला कोषागार के माध्यम से की जाएगी. खर्च के बाद उपयोगिता प्रमाण-पत्र और खर्च का विवरण स्वास्थ्य विभाग और महालेखाकार कार्यालय को देना होगा. सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि इस योजना और राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य अभियान के तहत चल रहे हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के काम में दोहराव न हो. दोनों योजनाओं के बीच तालमेल बनाकर शहरी गरीबों को बेहतर और लगातार स्वास्थ्य सेवाएं देने पर जोर दिया गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

