Ranchi News: रांची में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. शनिवार, 26 सितंबर को रांची जिले के सभी स्कूल बंद रहेंगे. जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किया है.
इसे भी पढ़ें:
प्रशासन के आदेश के मुताबिक, यह फैसला सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और सभी निजी स्कूलों पर लागू होगा. केजी से लेकर 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को स्कूल नहीं जाना होगा.
दरअसल, भारत मौसम विज्ञान विभाग और मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड, रांची की ओर से जारी विशेष बुलेटिन में रांची जिले में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने जिले को येलो अलर्ट की श्रेणी में रखा है. इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए स्कूलों को एक दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है.

डीसी ने जारी किया आदेश
हालांकि, स्कूल बंद रहने के बावजूद सरकारी स्कूलों के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों को अपनी उपस्थिति ई-विद्यावाहिनी में दर्ज करनी होगी. इसके साथ ही उन्हें निर्धारित गैर-शैक्षणिक कार्य भी पूरे करने होंगे.
वहीं, अगर किसी स्कूल में इस दिन कोई अनिवार्य परीक्षा पहले से निर्धारित है, तो उसके आयोजन को लेकर संबंधित स्कूल के प्रधान अपने स्तर से निर्णय ले सकेंगे.
जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन नहीं करने वाले स्कूल या संस्थान के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है.
यानी भारी बारिश के अलर्ट के बीच रांची में शनिवार को विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद रहेंगे, जबकि सरकारी स्कूलों के शिक्षक और कर्मचारियों को अपने प्रशासनिक दायित्व पूरे करने होंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

