Dhanbad : हायर एजुकेशन हासिल करने के बाद भी रोजगार के लिए तरसते युवाओं का दर्द गुरुवार को सड़कों पर खुलकर छलका. धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बेरोजगारी और रोजगार संकट के खिलाफ एक बेहद अनोखे और तीखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया.
सड़कों पर कहीं युवा सिर पर टोपी लगाए पकौड़े तलते दिखे, कहीं चाय का कप थामे नजर आए, तो कहीं बकरी चराते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते दिखे. प्रतीकात्मक रूप से किए गए इस प्रदर्शन के जरिए युवा कांग्रेस ने देश में बढ़ती बेरोजगारी और केंद्र सरकार की रोजगार नीतियों पर सीधा हमला बोला.
इसे भी पढ़ें
डिग्री के बावजूद रोजगार नहीं, कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने कहा कि आज देश का पढ़ा-लिखा युवा अपनी योग्यता के अनुरूप काम पाने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है. उच्च शैक्षणिक डिग्रियां हासिल करने के बाद भी युवाओं को चाय बेचने और पकौड़े तलने जैसे प्रतीकात्मक विकल्पों का सहारा लेकर अपना विरोध दर्ज कराना पड़ रहा है.
युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार से रिक्त पदों पर तुरंत बहाली प्रक्रिया शुरू करने, युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता व क्षमता के अनुसार सम्मानजनक रोजगार के अवसर देने और देश में युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए नई व स्थायी रोजगार नीतियां बनाने की मांग की है.

चाय बेचकर जताया विरोध
केवल एक भर्ती नहीं, पूरे भविष्य का सवाल
युवा कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल किसी एक परीक्षा या नियुक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के करोड़ों बेरोजगार युवाओं के हक और उनके सुरक्षित भविष्य की लड़ाई है.
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव ने कहा कि बकरी चराने और पकौड़े तलने जैसी गतिविधियों से युवा कांग्रेस ने सरकार को यह अहसास कराने की कोशिश की है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो युवाओं की निराशा जन-आक्रोश में बदल सकती है.

कढ़ाई में पकौड़ा तलकर किया प्रदर्शन

बकरी चराकर दिखाई बेरोजगारी रिपोर्ट
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

