Ranchi : मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जुड़ी रांची की महिला लाभुकों के लिए खुशखबरी है. सरकार ने 3 लाख 66 हजार 664 महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से तीन माह के करीब 275 करोड़ ट्रांसफर कर दिए हैं. प्रत्येक लाभुक महिला के खाते में अप्रैल, मई और जून महीने की 7,500 रुपये की सम्मान राशि एकमुश्त ट्रांसफर की गई है.

जिला प्रशासन के अनुसार, अधिकांश प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों की पात्र महिला लाभुकों के खातों में राशि पहुंच चुकी है. हालांकि, बड़गाईं अंचल और ईटकी प्रखंड की कुछ लाभुक महिलाओं के खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया अभी जारी है. इन लाभुकों के खाते में भी जल्द राशि हस्तांतरित कर दी जाएगी.
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिन पात्र लाभुकों के खातों में अब तक राशि नहीं पहुंची है, उनका भुगतान भी शीघ्र सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी महिलाओं को समय पर योजना का लाभ मिल सके.
Leave a Comment