Search

रामनवमी को लेकर धनबाद में हाई अलर्ट, 47 थाना क्षेत्रों में विशेष निगरानी

25 से 28 मार्च तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम


Dhanbad : रामनवमी पर्व शांति व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए धनबाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. डीसी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार व एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद ने संयुक्त आदेश जारी कर व्यापक सुरक्षा व प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की है. प्रशासन ने 47 थाना क्षेत्रों को विशेष निगरानी में रखा है. वहीं, 46 संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी.


जिले को धनबाद, कतरास, चिरकुंडा, तोपचांची, झरिया, गोविंदपुर व टुंडी यानी कुल 7 जोन में बांटा गया है. प्रत्येक जोन में जोनल दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है. इसके अलावा सभी थाना व ओपी में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे. रामनवमी के दौरान 25 से 28 मार्च की सुबह 6 बजे तक जिला नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) लगातार कार्यरत रहेगा. एसडीओ लोकेश बारंगे को इसका संपूर्ण प्रभार दिया गया है, जबकि डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे. कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0326-2311807 और 112 जारी किए गए हैं. 

 


पर्व के दौरान सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस का चलंत दस्ता लगातार भ्रमणशील रहेगा. साथ ही QRT को भी तैनात किया गया है. ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके. धनबाद, सरायढेला, बैंक मोड़, झरिया, कतरास, गोविंदपुर, चिरकुंडा सहित कई प्रमुख इलाकों में विशेष व्यवस्था की गई है. सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी. पुलिस की मॉनिटरिंग सेल व्हाट्सएप, फेसबुक व अन्य प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, आपत्तिजनक या शांति भंग करने वाली पोस्ट पर नजर रखेगी. ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


इसके अलावा सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में अखाड़ा और जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन करेंगे तथा आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे. पेयजल, साफ-सफाई और बिजली आपूर्ति को लेकर भी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp