Search

 
 
 

हाईकोर्ट ने 1998 के गोला हत्याकांड में तीन मुजरिमों को किया बरी, निचली अदालत का फैसला रद्द

Ranchi News: अभियोजन के अनुसार, 25 जून 1998 की सुबह उपरबरगा गांव में गौर ठाकुर अपने खलिहान में मवेशियों को चारा दे रहे थे. तभी जमीन विवाद को लेकर आरोपियों ने उनपर सबल और लाठी से हमला कर दिया. मृतक के भाई लक्ष्मण ठाकुर के बयान पर गोला थाना कांड संख्या 52/1998 दर्ज हुआ था.
 
फाइल फोटो

Ranchi News: झारखंड हाईकोर्ट ने रामगढ़ जिला (पहले हजारीबाग जिला) के गोला थाना क्षेत्र में वर्ष 1998 में हुई गौर ठाकुर की हत्या के मामले में सुखदेव ठाकुर, पुशु ठाकुर और नारायण ठाकुर की सजा रद्द कर दी. हजारीबाग की निचली अदालत में इन्हें 29 सितंबर 2003 को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई थी. हाईकोर्ट ने दोनों आपराधिक अपीलें स्वीकार कर लीं. अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोप को संदेह से परे साबित करने में विफल रहा.


मामला क्या था

अभियोजन के अनुसार, 25 जून 1998 की सुबह उपरबरगा गांव में गौर ठाकुर अपने खलिहान में मवेशियों को चारा दे रहे थे. तभी जमीन विवाद को लेकर आरोपियों ने उनपर सबल और लाठी से हमला कर दिया. मृतक के भाई लक्ष्मण ठाकुर के बयान पर गोला थाना कांड संख्या 52/1998 दर्ज हुआ था. 


हजारीबाग के 9वें अपर सत्र न्यायाधीश ने 29 सितंबर 2003 को सभी को दोषी ठहराया था. पुशु ठाकुर को उम्रकैद और सुखदेव ठाकुर व नारायण ठाकुर को 8-8 साल की सजा मिली थी. एक अन्य आरोपी गोलक ठाकुर की अपील के दौरान मृत्यु हो गई, इसलिए उसके खिलाफ अपील समाप्त कर दी गई.

इसे भी पढ़ें - 


हाईकोर्ट ने कई खामियां गिनाईं और कहा कि चश्मदीद गवाहों के बयानों में हमले के तरीके, हथियार और चोटों को लेकर विरोधाभास था. गवाह ने शरीर पर 15-20 जगह चोट बताई, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर्फ दो बाहरी चोटें मिलीं.


जांच अधिकारी ने घटनास्थल पर न खून पाया, न भूसा, जबकि अभियोजन के अनुसार घटना खलिहान में चारा देते समय हुई थी. स्वतंत्र गवाहों ने अभियोजन का साथ नहीं दिया. कुछ गवाह पक्षद्रोही हो गए और कुछ ने कहा कि मृतक मचान से गिरकर घायल हुआ था. अदालत ने कहा कि संदेह कितना भी मजबूत हो, वह सबूत की जगह नहीं ले सकता और हर उचित संदेह का लाभ अभियुक्त को मिलना चाहिए. कोर्ट ने जमानत पर चल रहे तीनों अपीलकर्ताओं के बंधपत्र भी मुक्त कर दिए और निचली अदालत का रिकॉर्ड वापस भेजने का आदेश दिया.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही