Search

 
 
 

पटना में आधी रात हाई वोल्टेज ड्रामा, 31 साल पुराने केस में सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार

पटना में शुक्रवार देर रात उस वक्त राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई, जब पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को उनके मंदिरी स्थित आवास से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया.
 

Lagatar Desk :   पटना में शुक्रवार देर रात उस वक्त राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई, जब पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को उनके मंदिरी स्थित आवास से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया. 

 

गिरफ्तारी से पहले करीब डेढ़ घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला. इस दौरान पप्पू यादव को गिरफ्तार करने आई पुलिस और समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई. हालांकि पुलिस पप्पू यादव को अपने साथ ले गई.  

 

1995 का है मामला

पटना सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने मामला वर्ष 1995 का है, जो आईपीसी की धारा 419, 420, 448, 468, 506 और 120बी के तहत पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में दर्ज किया गया था. 

 

गिरफ्तारी इन्हीं धाराओं के तहत की जा रही है. कहा कि अदालत में मुकदमा चल रहा था और सांसद को पेश होना था. लेकिन वे निर्धारित तिथि पर पेश नहीं हुए. इसलिए अदालत के आदेश पर उन्हें गिरफ्तार किया गया है.

 

मेडिकल टेस्ट के पटना मेडिकल कॉलेज लाया गया

निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को आज मेडिकल टेस्ट के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लाया गया है. इससे पहले उन्हें मेडिकल टेस्ट के लिए आईजीआईएमएस (इंदिरा गांधी आयुर्वेद संस्थान) अस्पताल ले जाया गया था. 

 

 

तथ्य छुपाकर मकान किराए पर लेने का आरोप

बिहार पुलिस के अनुसार, गर्दनीबाग थाना में दर्ज केस मकान को कथित रूप से धोखे से किराए पर लेने से जुड़ा है. शिकायतकर्ता विनोद बिहारी लाल का आरोप है कि उनसे तथ्य छुपाकर मकान किराए पर लिया गया और बाद में उसे सांसद कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया गया.

 

कुर्की आदेश के बाद बढ़ी कार्रवाई

इस मामले में पहले ही गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका था. जब आरोपियों की अदालत में पेशी सुनिश्चित नहीं हो सकी, तो न्यायालय ने उनके ठिकानों पर इश्तेहार चस्पा करने का आदेश दिया.

 

इसके बाद भी उपस्थित न होने पर कोर्ट ने संपत्ति कुर्क करने का अंतिम आदेश पारित किया, जो तीन दिन पहले ही जारी किया गया था. इसी के बाद पुलिस ने देर रात कार्रवाई की. 

 

मेरी जान को खतरा – पप्पू यादव

गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि नीट छात्रा को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ने के कारण पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है.

 

उन्होंने लिखा कि न वह डरेंगे और न ही चुप रहेंगे, चाहे उन्हें जेल भेजा जाए या कोई और सजा दी जाए. पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पप्पू यादव ने दावा किया कि उन्हें साजिश के तहत निशाना बनाया जा रहा है.

 

 

उन्होंने कहा कि अगर अदालत ने पेशी के लिए बुलाया था, तो आधी रात को गिरफ्तारी की क्या जरूरत थी. उन्होंने अपनी जान को खतरा होने की बात भी कही.

 

गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से पप्पू यादव नीट छात्रा हत्याकांड और सूरज बिहारी हत्याकांड को लेकर प्रशासन और सरकार पर लगातार सवाल उठा रहे थे और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग कर रहे थे. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही