Search

हिमंता फिर बने असम के सीएम, PM की मौजूदगी में ली शपथ. चार मंत्रियों की भी शपथ

Lagatar Desk :   असम में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है. वहीं हिमंता बिस्व सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं. गुवाहाटी के वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में उन्होंने सीएम पद की शपथ ली. शपथ लेने के बाद सीएम हिमंता पीएम नरेंद्र मोदी और एनडीए के दूसरे वरिष्ठ नेताओं का अभिनंदन किया.

 

सीएम के अलावा चार नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली है. राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नियोग को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई है. 

 

हिमंता के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह,  बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन सहित एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों  ने शिरकत की.    

 

 

 

 

हिमंता ने एक दिन पहले की थी मंत्रियों के नामों की घोषणा

हिमंता ने शपथ ग्रहण से एक दिन पहले अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा कर मंत्रियों के नामों की घोषणा की थी. उन्होंने लिखा था कि यह घोषणा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है कि उनके साथ चार सहयोगी भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की गरिमामय उपस्थिति में मंत्री पद की शपथ लेंगे.

 

उन्होंने यह भी बताया कि विधायक रणजीत दास असम विधानसभा के अध्यक्ष पद के लिए हमारे उम्मीदवार होंगे. मैं उन सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं. हम सब मिलकर एक मजबूत, अधिक विकसित और समृद्ध असम के लिए पूरी लगन से काम करते रहेंगे.  

 

शपथ ग्रहण समारोह में आए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनने पर खुशी जाहिर की. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सभी को बहुत-बहुत बधाई.  प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है.. 

 

 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आज बहुत खुशी का दिन है. असम में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है. उन्होंने पीएम मोदी और हिमंता पर विश्वास जताने के लिए असम की जनता का आभार जताया. साथ ही विश्वास जताया कि बीते 10 सालों में पीएम मोदी के नेतृत्व में जिस प्रकार असम बदला है, अब ये असम के विकास के 5 साल होंगे.

 

 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 12 मई को भाजपा और असम के लिए बेहद सुखद दिन बताया. उन्होंने कहा कि असम में तीसरी बार भाजपा सरकार प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बन रही है. ये हिमंत बिस्वा सरमा की मेहनत है, जिन्होंने असम में हर एक व्यक्ति के लिए बहुत सुंदर कार्य किया और जनता ने भी पूरा विश्वास और आशीर्वाद उन्हें दिया.

 

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय,  महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया सहित कई भाजपा नेताओं ने खुशी जाहिर की है. साथ ही हिमंता बिस्व सरमा को लगातार दूसरी बार सीएम बनने की बधाई दी है. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//