Search

 
 
 

योग दिवस को लेकर छुट्टी कैंसिल, रविवार को खुले रहेंगे सरकारी स्कूल

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर झारखंड के सभी सरकारी स्कूल खुले रहेंगे.
 

Ranchi: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर झारखंड के सभी सरकारी स्कूल खुले रहेंगे. 21 जून को रविवार है और इस दिन छुट्टी रहती है. योग दिवस को पूरे राज्य में व्यापक और भव्य स्तर पर आयोजित करने के लिए झारखंड सरकार ने बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है. राज्य के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय 20 जून (तीसरा शनिवार) और 21 जून 2026 (रविवार) को भी खुले रहेंगे.

 

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने इस संबंध में सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) और जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं.

 

जारी आदेश के अनुसार, दोनों दिनों में विद्यालय सुबह 7 बजे से 9 बजे तक संचालित होंगे. इस दौरान विद्यालयों में योग अभ्यास, स्वास्थ्य जागरूकता एवं योग आधारित विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा.

 

योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है. साथ ही स्पष्ट किया गया है कि इन दो दिनों में विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (MDM) का संचालन नहीं होगा, क्योंकि स्कूल केवल दो घंटे के विशेष योग सत्र के लिए खोले जा रहे हैं. इस संबंध में संबंधित प्राधिकरण को भी सूचना दे दी गई है.

 

इस बार कार्यक्रम की डिजिटल मॉनिटरिंग भी की जाएगी. राज्य परियोजना निदेशक ने निर्देश दिया है कि 21 जून को आयोजित योग गतिविधियों के आंकड़े, लाइव फोटोग्राफ्स और अन्य विवरण जिला स्तर पर संकलित कर राज्य कार्यालय को उपलब्ध कराए जाएं.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही