Search

राहत की उम्मीद: रांची से बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए नई ट्रेनें प्रस्तावित

Ranchi: झारखंड के रेल यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. रांची रेल मंडल ने रांची से बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए दो नई लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है. प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर दक्षिण भारत जाने वाले हजारों यात्रियों, छात्रों, कामगारों और नौकरीपेशा लोगों को सीधा लाभ मिल सकता है.

 

प्रस्ताव के अनुसार, रांची–बेंगलुरु ट्रेन सप्ताह में चार दिन चलाई जा सकती है. इसका संभावित रूट रांची–बरकाकाना–गया–जबलपुर–नागपुर–काजीपेट–धर्मवरम होते हुए बेंगलुरु तक रहेगा. वहीं रांची–हैदराबाद ट्रेन भी सप्ताह में चार दिन संचालित करने की योजना बनाई गई है.

 

जानकारी के अनुसार, शुरुआती चरण में दोनों ट्रेनों को स्पेशल ट्रेन के रूप में शुरू किया जा सकता है. यात्रियों की संख्या और मांग के आधार पर आगे इन्हें नियमित सेवा में बदला जा सकता है.

 

इन नई ट्रेनों के शुरू होने से झारखंड का संपर्क दक्षिण भारत के प्रमुख आईटी हब, औद्योगिक क्षेत्रों और शैक्षणिक केंद्रों से और मजबूत होगा. वर्तमान में बेंगलुरु और हैदराबाद जाने वाले यात्रियों को लंबी वेटिंग, सीटों की कमी और कई बार ट्रेन बदलने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है.

 

हालांकि इस पहल का स्वागत किया जा रहा है, लेकिन गिरिडीह, जमुआ, धनवार, सलैया (पचंबा) और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों की मांग है कि नई ट्रेनों के साथ क्षेत्रीय रेल सुविधाओं और संभावित ठहराव स्टेशनों पर भी ध्यान दिया जाए. इन इलाकों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा और अन्य कारणों से दक्षिण भारत की यात्रा करते हैं.

 

अब यात्रियों की नजर रेलवे बोर्ड के अंतिम निर्णय पर टिकी है. मंजूरी मिलने पर यह कदम झारखंड के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी और यात्रियों की सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//