Search

 
 
 

15 दिन में सुधरें अस्पताल, नहीं तो हटेंगे सिविल सर्जन, राज्यसभा हार पर भी गरजे इरफान

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं और राज्यसभा चुनाव के मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने के लिए 15 दिन का समय दिया है, वहीं राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन उम्मीदवार की हार के लिए राजद और माले को जिम्मेदार ठहराया है.
 

Ranchi : स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं और राज्यसभा चुनाव के मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने के लिए 15 दिन का समय दिया है, वहीं राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन उम्मीदवार की हार के लिए राजद और माले को जिम्मेदार ठहराया है.

 

स्वास्थ्य मंत्री ने सभी जिलों के सिविल सर्जनों को निर्देश दिया है कि 15 दिनों के भीतर सदर अस्पतालों की स्थिति में सुधार करें. उन्होंने साफ कहा कि यदि तय समय में खामियां दूर नहीं हुईं तो संबंधित सिविल सर्जनों को पद से हटा दिया जाएगा.

 

अस्पतालों में एंबुलेंस की कमी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि अधिकांश सदर और रेफरल अस्पताल अपनी एंबुलेंस के बजाय 108 सेवा पर निर्भर हैं. खराब पड़ी एंबुलेंसों की रिपोर्ट मांगी गई है. साथ ही राज्य सरकार 224 नई एंबुलेंस खरीदने की तैयारी कर रही है. उन्होंने कहा कि 108 एंबुलेंस सेवा में लगातार मिल रही शिकायतों के कारण उसकी प्रक्रिया रद्द कर नई व्यवस्था लागू की जाएगी.

 

इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य में टीबी उन्मूलन और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए जल्द ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात करेंगे और केंद्र से अतिरिक्त फंड की मांग करेंगे.अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर उन्होंने कहा कि झारखंड को केंद्र सरकार से सहयोग और फंड की जरूरत है, इसलिए केंद्र की गाइडलाइन का पालन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि वह 21 जून को आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर योग भी करेंगे.

 

राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन समर्थित उम्मीदवार की हार पर स्वास्थ्य मंत्री ने राजद और माले पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन के कुछ सहयोगी दलों ने विश्वासघात किया और महागठबंधन की पीठ में खंजर घोंपा. उनका दावा है कि कांग्रेस और झामुमो के वोट पूरी तरह एकजुट रहे, जबकि राजद और माले के वोटों में गड़बड़ी हुई.

 

राजद नेताओं द्वारा कांग्रेस प्रभारी पर लगाए जा रहे आरोपों को भी उन्होंने खारिज किया. उन्होंने कहा कि गठबंधन में रहते हुए इस तरह की बयानबाजी उचित नहीं है. साथ ही दावा किया कि मतदान का पूरा रिकॉर्ड निकलवाया जा रहा है और जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी.

 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही