Ranchi News: झारखंड प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि अगर छात्रों के मुद्दे पर पत्र लिखना बाबूलाल की जिम्मेदारी है, तो उन्हें बिहार में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ भी आवाज उठानी चाहिए.
राकेश सिन्हा ने कहा कि बिहार में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल की बात सामने आई है. बाबूलाल मरांडी को इस मामले में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर जवाब मांगना चाहिए.
इसे भी पढ़ें -
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की राजनीति में राज्य के हिसाब से नैतिकता बदल जाती है. झारखंड में छात्रों के मुद्दे पर चिंता जताई जाती है, लेकिन बिहार में छात्रों पर कार्रवाई के मामले में चुप्पी रहती है. यह दोहरा रवैया क्यों है.
राकेश सिन्हा ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना छात्रों का अधिकार है. सरकार को छात्रों से बात करनी चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए. लाठीचार्ज और वाटर कैनन लोकतांत्रिक तरीके से समस्या सुलझाने का पहला रास्ता नहीं होना चाहिए.
उन्होंने बाबूलाल मरांडी से सवाल किया कि अगर छात्रों पर कार्रवाई गलत है, तो वे बिहार सरकार के खिलाफ कब पत्र लिखेंगे. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और छात्रों के अधिकारों के लिए सभी राज्यों में एक जैसा रवैया होना चाहिए.
राकेश सिन्हा ने यह भी कहा कि बाबूलाल मरांडी को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर MMDR संशोधन बिल वापस लेने की मांग करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि यह झारखंड के हित से जुड़ा मामला है और नेता प्रतिपक्ष के तौर पर बाबूलाल को राज्य के हित में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

