Jamtara News: जिले में अवैध जुआ, गेसिंग और लॉटरी के नाम पर कथित रूप से संचालित कारोबार पर लगाम नहीं लग पा रही है. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक इस अवैध गतिविधि के फैलने की शिकायतें सामने आ रही हैं. इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं.
जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र के केंदबौना और दुमका रोड स्थित यज्ञ मैदान, नारायणपुर थाना क्षेत्र के सबनपुर एवं मधुबन, कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के कर्माटांड़ बस्ती रोड स्थित शिशु मंदिर के समीप तथा मिहिजाम के सिंडिकेट इलाके में कथित तौर पर अवैध जुआ और गेसिंग का खेल चलने की बात कही जा रही है. इन स्थानों पर लोगों के जमावड़े और पैसे के लेन-देन के जरिए जुआ खेले जाने की शिकायतें मिल रही हैं.
इसे भी पढ़ें:
इस पूरे मामले में कर्माटांड़ थाना क्षेत्र का एक CCTV फुटेज चर्चा का विषय बना हुआ है. बताया जाता है कि 15 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे कर्माटांड़ बस्ती रोड स्थित शिशु मंदिर के समीप बड़ी संख्या में लोग कथित तौर पर जुआ खेलते नजर आए. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद जिले में अवैध जुआ कारोबार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
मामले पर जामताड़ा एसडीपीओ वसीम रजा ने बताया कि कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में वायरल हुए वीडियो की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जिले में कहीं भी इस तरह की अवैध गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

