Search

रांची में अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, 9 सिलेंडर जब्त

Ranchi: राजधानी रांची के ओरमांझी क्षेत्र में अवैध गैस सिलेंडर रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क का खुलासा किया है. गुप्त सूचना के आधार पर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर ईरवा स्थित एक बिरयानी दुकान में छापेमारी की गई.


प्रखंड विकास पदाधिकारी ओरमांझी के नेतृत्व में हुई, इस कार्रवाई के दौरान “दिल्ली दरबार बिरयानी” दुकान से कुल 9 व्यवसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए गए. इन सिलेंडरों का वजन लगभग 19.02 किलोग्राम था, जिनमें एचपी और इंडेन गैस के सिलेंडर शामिल हैं. जांच में सामने आया कि कुछ सिलेंडर सील अवस्था में थे, जबकि कुछ का इस्तेमाल अवैध रिफिलिंग में किया जा रहा था.

 

पूछताछ में खुलासा हुआ कि सिलेंडर एक बिचौलिए के जरिए बैगनआर कार से सप्लाई किए जाते थे. बिचौलिया अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग कर ऊंचे दामों पर बेचता था और मुनाफे में हिस्सेदारी भी तय थी. 
टीम ने गिरफ्तार व्यक्ति की निशानदेही पर ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित आरोपी के घर में भी छापेमारी की. जहां से 19.02 किलोग्राम का एक एचपी सिलेंडर, रिफिलिंग नोजल और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया.

 

हालांकि मुख्य आरोपी छापेमारी के दौरान फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है. प्रशासन ने बताया कि यह कृत्य रेगुलेशन ऑफ सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन ऑर्डर-2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत गंभीर अपराध है. मामले में ओरमांझी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

 

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जिले में किसी भी तरह की कालाबाजारी और अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन या नजदीकी थाने को दें. प्रशासन की यह कार्रवाई उपभोक्ताओं की सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp