Bokaro News: बोकारो जिले में बालू का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है. पेटरवार प्रखंड के चांपी में दामोदर नदी पर पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि पुल के ठीक बगल में दिन के उजाले में धड़ल्ले से बालू का अवैध उत्खनन किया जा रहा है. पुल के पिलर खड़े होने के बावजूद आसपास लगातार हो रहे अवैध खनन से पुल की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई वर्षों से निर्माणाधीन पुल के दोनों तरफ ट्रैक्टर लगाकर बालू का अवैध उठाव किया जा रहा है. इसकी सूचना कई बार प्रशासन को दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. अब जब पुल का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच रहा है, तब भी अवैध खनन जारी है.
इसे भी पढ़ें:
ग्रामीणों का कहना है कि पुल के आसपास इस तरह बालू का उत्खनन होने से उसके पिलर की नींव कमजोर हो सकती है. इससे भविष्य में पुल की उम्र और सुरक्षा पर खतरा पैदा हो सकता है. ग्रामीणों ने अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया है. ग्रामीणों के साथ भाजपा ने भी इस मामले को लेकर सवाल उठाए हैं.
वहीं, इस मामले में बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. चांपी में अवैध खनन का मामला संज्ञान में आया है. अधिकारियों को भेजकर जांच और कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

