Ranchi News: डॉक्टरों की सुरक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लंबित मुद्दों को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है. IMA के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिलकुमार जे. नायक ने 26 सितंबर को मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इन समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की है.
इसे भी पढ़ें:
IMA को 25 सितंबर को अपनी झारखंड शाखा से राज्य के डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्वास्थ्य संस्थानों की समस्याओं की जानकारी मिली थी. इन मुद्दों पर चर्चा के लिए 27 सितंबर को IMA हाउस, रांची में विभिन्न चिकित्सा संगठनों की संयुक्त बैठक भी बुलाई गई है.
IMA ने सरकार से डॉक्टरों और स्वास्थ्य संस्थानों के लिए सुरक्षित माहौल बनाने की मांग की है. साथ ही झारखंड मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट को प्रभावी तरीके से लागू करने और क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट से जुड़ी समस्याओं को दूर करने की मांग की गई है.
पत्र में सरकारी और निजी अस्पतालों के डॉक्टरों, रेजीडेंट डॉक्टरों, मेडिकल छात्रों, महिला डॉक्टरों और राज्य स्वास्थ्य सेवा के डॉक्टरों की लंबे समय से लंबित मांगों पर भी ध्यान देने को कहा गया है.
IMA ने कहा है कि उसका उद्देश्य सरकार के साथ टकराव नहीं है. संगठन स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए सरकार के साथ मिलकर काम करना चाहता है. IMA ने सरकार से चिकित्सा संगठनों के साथ नियमित बातचीत के लिए स्थायी व्यवस्था बनाने की भी मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

