Dhanbad : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान का असर धनबाद समेत पूरे कोयलांचल में दिखने लगा है. शुक्रवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है. बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को ठंड का एहसास होने लगा. वहीं आम जनजीवन की रफ्तार भी धीमी पड़ गई.

सड़क में वाहनों की आवाजाही कम
इसे भी पढ़ें
मौसम में आए बदलाव का असर सुबह की दिनचर्या पर साफ दिखा. सामान्य दिनों की तुलना में सड़कों पर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही कम रही. हालांकि जरूरी काम के कारण लोग छाता और रेनकोट लेकर घरों से बाहर निकले. स्कूल जाने वाले बच्चों को भी बारिश के बीच घर से निकलना पड़ा. कई बच्चे छाता और रेनकोट लेकर स्कूल जाते दिखे. जबकि अभिभावक उन्हें सुरक्षित पहुंचाने के लिए साथ निकले.

दूसरी ओर बाजारों में भी सुबह के समय सामान्य दिनों जैसी चहल-पहल नहीं दिखी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटे तक धनबाद और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. बारिश के साथ तापमान में और गिरावट आ सकती है. मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव करने की सलाह दी गई है.


