Search

 
 
 

Dhanbad : महंगाई की मार बेअसर, छठ की आस्था के आगे झरिया बाजार में उमड़ा जनसैलाब

Dhanbad News : छठ पूजा को लेकर बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है. पूजन सामग्री और फलों की खरीदारी के लिए सुबह से ही दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ जुटी है.
 
छठ बाजार

Dhanbad News : लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर झरिया का बाजार पूरी तरह छठमय हो गया है. शनिवार को खरना के अवसर पर खरीदारी के लिए बाजार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से ही लक्ष्मीनिया मोड़ से लेकर मेन रोड तक बाजार में पैर रखने की जगह नहीं थी. फल, दउरा, सूप, ईख, फूल, बताशा और पूजा की अन्य सामग्रियों की दुकानों पर दिनभर खरीदारों की भीड़ लगी रही. छठव्रती और उनके परिजन पूरे उत्साह के साथ पर्व की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे.

 

इसे भी पढ़ें...

 

महंगाई के आगे नहीं झुकी आस्था

इस बार छठ बाजार में महंगाई का असर साफ दिखाई दे रहा है. पिछले वर्ष की तुलना में फलों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. आम दिनों के मुकाबले भी छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले फलों और पूजन सामग्रियों के दाम अधिक हैं. इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है. लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार फल और पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं. बाजार में उमड़ी भीड़ बता रही है कि महंगाई भले ही जेब पर भारी पड़ रही हो लेकिन छठ के प्रति लोगों की आस्था और उत्साह उससे कहीं अधिक है.

 

झरिया बाजार में आसपास के इलाकों का भी जमावड़ा

झरिया का बाजार वर्षों से आसपास के क्षेत्रों के लिए छठ पूजा की खरीदारी का प्रमुख केंद्र रहा है. यही वजह है कि लोदना, कुंजामा, जोड़ापोखर, भौंरा, डिगवाडीह, पाथरडीह, सुदामदुह और सिंदरी सहित दूर-दराज के इलाकों से भी लोग यहां खरीदारी करने पहुंचते हैं. बाजार में केला, सेब, नींबू, ईख, नारियल, फूल, बताशा और अन्य पूजन सामग्री की दुकानें सजी हुई हैं.

 

सड़क के दोनों किनारों पर अस्थायी दुकानें लगने से पूरे बाजार का नजारा बदल गया है. सुबह से खरीदारों की आवाजाही जारी रही. खरना के साथ शुरू हुई बाजार की रौनक छठ महापर्व के अंतिम अर्घ्य तक बनी रहती है.

 

भीड़ के बीच व्यवस्था संभालते दिखे थाना प्रभारी

छठ बाजार में उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट रहा. झरिया थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय स्वयं बाजार में मौजूद रहकर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की निगरानी करते दिखे. उन्होंने पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को खरीदारी के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने का निर्देश दिया.

 

थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बाजार में विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है. उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से खरीदारी करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही